लखनऊ, 3 अप्रैल। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस की पाँच शिक्षिकाओं रुचि मिश्रा, स्वाती चौहान, वर्षा सिन्हा, शेफाली पाण्डेय एवं विनीता काचरू ने इण्टरनेशनल प्राइमरी टीचर्स ओलम्पियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शिक्षण प्रतिभा व प्रोफेशनल कौशल का परचम लहराया है। ओलम्पियाड का आयोजन शैक्षिक संस्था यूपीएजूकेटर्स के तत्वावधान में किया गया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने दी है।
श्री खन्ना ने बताया कि इस प्रतिष्ठित ओलम्पियाड में सी.एम.एस. शिक्षिकाओं ने 98 परसेन्टाइल से अधिक अंको के साथ अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 200 टीचर्स में अपना स्थान सुनिश्चित किया है एवं प्राइमरी कक्षाओं के नन्हें-मुन्हें छात्रों को शिक्षित करने की अपनी दक्षता एवं नवोन्मेषी शिक्षण प्रतिभा का परचम लहराया है। सी.एम.एस. शिक्षिकाओं की यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता, दक्षता व विशेषज्ञता का प्रमाणित करने के साथ ही विद्यालय की अनूठी ‘ब्राडर एण्ड बोल्डर’ शिक्षण पद्धति की विशेषता को दर्शाती है। ओलम्पियाड का उद्देश्य प्राइमरी शिक्षकों की शिक्षण प्रतिभा एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित के साथ ही उन उत्कृष्ट शिक्षकों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है जो अपनी कक्षाओं में रचनात्मकता, ज्ञान और कौशल से भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य हेतु सदैव समर्पित हैं। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस सफलता हेतु सी.एम.एस. शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी है।
श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. शिक्षकों की लगन व कर्तव्यनिष्ठा के बलबूते ही विद्यालय दिन प्रतिदिन नये कीर्तिमान गढ़ रहा है तथापि सी.एम.एस. शिक्षकों ने विद्यालय के 66 वर्षीय शैक्षिक सफर में कई आयाम स्थापित किए हैं जिस पर सिर्फ लखनऊवासियों को ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश व देश को गर्व है। इन्हीं विद्वान शिक्षकों की बदौलत सी.एम.एस. अपने छात्रों को भौतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक तीनों प्रकार की शिक्षा देकर उन्हें चुस्त एवं संतुलित व्यक्तित्व का धनी, मानव जाति के लिए ईश्वर का उपहार एवं टोटल क्वालिटी पर्सन बनाने के लिए प्रयत्नशील है।