(www.arya-tv.com)चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने शुक्रवार को 16 जून 2020 में हुई झड़प का वीडियो जारी किया है। चीन ने कबूल किया कि इस झड़प में उसके 5 सैनिक मारे गए थे। उसने भारत पर ही समझौता तोड़ने का आरोप भी लगाया। इसके बाद उसने वीडियो जारी किया। चीन ने वीडियो में अपने मारे गए सैनिकों की फोटो और भारतीय अफसरों के साथ हुई कहासुनी भी दिखाई है।
चीन ने 3 मिनट 20 सेकंड का वीडियो जारी किया है। चीन के स्टेट मीडिया के विश्लेषक शेन शिवाई की ओर से ट्वीट किए गए इस वीडियो में आरोप लगाया गया है कि भारतीय सैनिकों ने चीनी क्षेत्र में अवैध रूप से घुसने की कोशिश की।
वीडियो के जरिए चीन बताने की कोशिश कर रहा है कि भारतीय सेना ने जानबूझकर PLA को उकसाया और सीमा पर यथास्थिति को बदलने की कोशिश की। भाारतीय सैनिकों ने बातचीत करने गए चीनी सैनिकों पर हमला भी किया।’
एक चीनी सैनिक चेन ने अपनी डायरी में लिखा, ‘हमारे शत्रु (भारतीय सैनिक) संख्या में हमसे बहुत ज्यादा थे, लेकिन हम घबराए नहीं। उनके पत्थर से हमले के बीच हमने उन्हें पीछे धकेल दिया।’ हालांकि शेन की ओर से ट्वीट किए गए एक अन्य वीडियो में चीन के सैनिकों को भारतीय सैनिकों के साथ आक्रामक अंदाज में व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है।
