- सीतापुर के तपोधाम में मूर्ति स्थापना समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
लखनऊ/सीतापुर, 09 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीतापुर जनपद स्थित तपोधाम में सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज के मूर्ति स्थापना दिवस एवं भव्य भंडारा समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को संयम, सेवा और साधना के मार्ग पर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि नाथ परंपरा ने सदियों से समाज को दिशा देने का कार्य किया है और तपोधाम जैसी स्थली नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हों। मुख्यमंत्री ने तपोधाम परिसर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और संत प्रवचनों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। संत समाज ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संतगण एवं स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, संत समाज एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विधायक ज्ञान तिवारी, सांसद राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना सिंह, जिलाधिकारी अभिषेक आनंद, पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र, नगर पालिका अध्यक्ष कविता शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संत समाज की ओर से महंत रामनाथ दास, आचार्य बालकृष्ण गिरि, स्वामी हरिचेतनानंद, महामंडलेश्वर अवधेशानंद एवं अन्य संतगण मंचासीन रहे।
तपोधाम समिति के पदाधिकारियों में संयोजक रमेश नाथ, प्रबंधक सुरेश गिरि, आयोजन समिति सदस्य मोहन दास, जितेंद्र नाथ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल रहे।
