मुख्यमंत्री ने जनपद झांसी में आयोजित स्ट्राॅबेरी महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ किया

Lucknow
  • मुख्यमंत्री ने जनपद झांसी में आयोजित स्ट्राॅबेरी महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ किया
  • राज्य सरकार किसानों की आमदनी दोगुना करने के लिए कृतसंकल्पित: मुख्यमंत्री
  • स्ट्राॅबेरी महोत्सव जैसे अभिनव प्रयास इसमें सहायक
  • किसानों को खेती के अभिनव प्रयासों से जोड़ने की आवश्यकता, जिला प्रशासन इस सम्बन्ध में किसानों को जागरूक करने के लिए प्रभावी और सार्थक प्रयास करे
  • वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार निरन्तर किसानों के हित व कल्याण के लिए कार्य कर रही, इस क्रम में किसान को खेत से बाजार तक विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही
  • कृषि एवं उद्यान विभाग प्रदेश के अन्य जनपदों में अलग और विशिष्ट फसलों पर केन्द्रित महोत्सव के आयोजन की दिशा में प्रभावी और सार्थक प्रयास करे
  • मुख्यमंत्री ने झांसी की भूमि को अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से स्ट्राॅबेरी की खेती के अनुकूल बनाने के लिए किसानों और नागरिकों की सराहना की
  • स्ट्राॅबेरी महोत्सव सभी परिश्रमी और प्रगतिशील किसानों के लिए प्रेरणादायी
  • तकनीक के प्रयोग से फसलों की लागत कम की जा सकती है, साथ ही, उत्पादन में बड़ी मात्रा में वृद्धि सम्भव, इससे किसान की आमदनी बढ़ेगी
  • मध्य गंगा नहर, सरयू नहर सहित एक दर्जन सिंचाई परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा, इससे 20 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचन क्षमता सृजित होगी

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप किसानों की आमदनी दोगुना करने के लिए कृतसंकल्पित है। झांसी में स्ट्राॅबेरी महोत्सव का आयोजन जैसे अभिनव प्रयास इसमें सहायक हैं। किसानों को खेती के अभिनव प्रयासों से जोड़ने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन को इस सम्बन्ध में किसानों को जागरूक करने के लिए प्रभावी और सार्थक प्रयास करना चाहिए।

झांसी में आयोजित स्ट्राॅबेरी महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ करने के उपरान्त अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एम0एस0एम0ई0 नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव देवेश चर्तुेवेदी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम के साथ जुड़े हुए थे।

 वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार निरन्तर किसानों के हित व कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। इस क्रम में किसान को खेत से बाजार तक विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं के माध्यम से किसान बाजार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ ही, आम उपभोक्ता को भी महंगाई से बचा सकते हैं और अपनी आमदनी में भी वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विगत वर्ष, काफी समय से लम्बित बाण सागर सिंचाई परियोजना को पूर्ण किया गया है। मध्य गंगा नहर, सरयू नहर सहित एक दर्जन सिंचाई परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। इससे 20 लाख हेक्टेयर की अतिरिक्त सिंचन क्षमता सृजित होगी।

मुख्यमंत्री जी ने झांसी की भूमि को अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से स्ट्राॅबेरी की खेती के अनुकूल बनाने के लिए यहां के किसानों और नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि बुन्देलखण्ड की धरती पर स्ट्राॅबेरी महोत्सव का आयोजन देश व प्रदेश के लिए नया संदेश है। इससे बुन्देलखण्ड के बारे में लोगों की धारणा में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड सभी सम्भावनाओं और क्षमताओं से परिपूर्ण है। समुचित अवसर और मंच प्राप्त होने पर यहां के किसान और नागरिक अपनी क्षमताओं को साकार रूप दे सकते हैं।