(www.arya-tv.com) यूपी के ज्वेलर्स एक्सपो में ‘महाभारत’ का रथ सबको खूब भा रहा है। 6 साल की मेहनत के बाद डायमंड, गोल्ड और रूबी पर्ल से ‘कपीध्वज’ बनाया है। खूबसूरत इतना है कि जो भी इसे पहली बार देखता है, देखता ही रह जाता है।
दरअसल, आगरा में दो दिनों से उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा ज्वेलरी एक्सपो चल रहा है। इस एक्सपो में देश के अलग-अलग हिस्से से 90 से ज्यादा ज्वेलर्स ने स्टॉल लगाई है। चांदी की पायल, करधनी और सैंडिल सबको खूब पसंद आ रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा खास अर्जुन का रथ है।
इसको देखने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। इसे 40 कारीगरों ने मिलकर तैयार किया है। रथ की कीमत करोड़ों में है। डिमांड होने के बावजूद इसे बनवाने वाले ज्वेलर इसे बेचना नहीं चाहते हैं।
40 कारीगरों ने साढे़ छह साल में रथ बनाया
एक्सपो में कपीध्वज रथ सबका ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। कपीध्वज महाभारत में अर्जुन का रथ था। इसके सारथी भगवान श्रीकृष्ण थे। इस रथ के ऊपर कपि ध्वज लगा है। इसे आगरा के वी ज्वेलर्स ने बनाया है। वी ज्वेलस के ओनर विकास आनंद वर्मा ने बताया, ”मैं भगवान श्रीकृष्ण का भक्त हूं। महाभारत में श्रीकृष्ण ने कपीध्वज रथ पर बैठकर ही अर्जुन को गीता का सार दिया था।”
उन्होंने बताया, ”2010 में मेरे मन में रथ बनवाने का ख्याल आया। मैंने रथ बनवाने की तैयारी की। सबसे पहले रथ की डिजायन तैयार की। कारीगरों के साथ बैठकर प्लान बनाया कि कैसे इसको तैयार करना है। इसके बाद 40 कारीगरों ने साढे़ छह साल में रथ बनाया। शुरुआत में कई बार डिजायन पसंद न आने पर उसे तोड़कर दोबारा बनाया गया।’
‘रथ में लगे हैं बेशकीमती रत्न
विकास आनंद वर्मा ने बताया, ”रथ बनाने में 15 किलो चांदी, 400 ग्राम सोना, 8333 कैरेट मानिक, रूबी पर्ल और डायमंड लगा है। रथ जब बनकर तैयार हुआ, तब जिसने इसे देखा वो देखता रह गया। रथ की कीमत करोड़ों में है। 2018 में दिल्ली में एक प्रदर्शनी में रथ की कीमत दो करोड़ रुपए लगी थी। अभी भी कई ग्राहक आते हैं, लेकिन मैं इसे बेच नहीं रहा हूं। ये बेशकीमती है। ऐसी चीज रोज-रोज नहीं बनती हैं।
सात किलो की करधनी पहनी मॉडल को देख सब रुक रहे
ज्वेलरी प्रदर्शनी में जेजे आर्नामेंट राजकोट गुजरात द्वारा लगाई गई स्टॉल में पैर में पहनने वाली पायल और कमर में बांधी जाने वाली करधनी प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को अपनी तरफ खींच रही है। जेजे आर्नामेंट के ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर पीएसए ने महिलाओं के लिए कमर पर पहनी जाने वाली बड़ी करधनी बनाई है। जो पूरी तरह से चांदी से तैयार हुई है।
इसमें चांदी के साथ मीना, चैन और सी जेट माइक्रो का यूज कर इसे सजाया गया है। इसका वजन करीब 7 किलोग्राम है। 25 कारीगरों ने सवा महीने में तैयार किया है। स्टॉल पर महिला मॉडल इस करधनी को प्रजेंट कर रही है। हालांकि लोगों का कहना है कि आमतौर पर किसी भी महिला द्वारा इतनी भारी करधनी ज्यादा समय तक पहनी नहीं जा सकती है।