(www.arya-tv.com) आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्टेशन में चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग के लिए 25:30 घंटे का काउंटडाउन गुरुवार को दोपहर 1.05 बजे शुरू हो गया। लॉन्चिंग शुक्रवार दोपहर 2:35 बजे सतीश धवन स्पेस सेंटर से होगी।
चंद्रयान-3 को अंतरिक्ष में ले जाने के लिए अपग्रेडेड बाहुबली रॉकेट यानी लॉन्च व्हीकल मार्क-3 (MV-3) तैयार है। MV-3 का लॉन्चिंग सक्सेस रेट 100% है।
मिशन की सफलता के लिए ISRO के वैज्ञानिक तिरूपति वेंकटचलापति मंदिर पहुंचे। पूजा के लिए वैज्ञानिक चंद्रयान-3 का मिनिएचर मॉडल भी अपने साथ ले गए।
चंद्रयान 24-25 अगस्त को चांद पर उतरेगा। अगले 14 दिन रोवर लैंडर के चारों ओर 360 डिग्री में घूमेगा और कई परीक्षण करेगा। रोवर के चलने से पहिए के जो निशान चंद्रमा की सतह पर बनेंगे, उनकी तस्वीर भी लैंडर भेजेगा।
चांद पर राष्ट्रध्वज लगाने वाला चौथा देश बनेगा भारत
भारत चंद्रमा पर राष्ट्रध्वज पहुंचाने वाला चौथा देश बनेगा ही, चांद के दक्षिणी ध्रुव के करीब पहुंचने वाला पहला देश भी होगा। यह वही इलाका है जहां चंद्रयान-1 के दौरान मून इंपैक्ट प्रोब छोड़ा था और इसरो ने पानी होने का पता लगाया था। यहीं चंद्रयान-2 की क्रैश लैंडिंग हुई थी।
इतना अहम है चांद
- चांद के गुरुत्व बल से पृथ्वी धीमी गति से घूमती है। चांद न हो तो पृथ्वी तेजी से घूमेगी, दिन जल्दी बीतेगा। दिन महज छह घंटे का होगा।
- चांद न हो तो हम न चंद्र ग्रहण देख पाएंगे, न ही सूर्य ग्रहण।
- जब पृथ्वी पर चंद्र ग्रहण होता है, तब चांद पर सूर्य ग्रहण होता है।
- धरती से सूर्य-चंद्रमा एक आकार के दिखते हैं। सूर्य की तुलना में पृथ्वी से 400 गुना करीब होने से चंद्रमा सूर्य के बराबर दिखता है।
- धरती से चांद का सिर्फ 55% से 60% हिस्सा ही दिखाई देता है।
- चांद पर अब तक 12 मानव जा चुके हैं। हालांकि, 1972 के बाद पिछले 51 साल से कोई मानव चांद की सतह पर नहीं उतरा।