(www.arya-tv.com) ब्रिटेन का शाही परिवार फिर एक बार सुर्खियों में हैं। इस बार फिर इसकी वजह शाही परिवार से अलग हो चुके प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल हैं। लेकिन इस बार सुर्खियों में आने का कारण थोड़ा अलग है।
जहां अक्सर पहले इस शाही जोड़े और ब्रिटिश राजपरिवार के सुर्खियों में आने का कारण हैरी और मेगन का किसी विशेष कार्यक्रम में शिरकत करना या उनके परिवार से अलग होने के खबरें होती थीं, लेकिन इस दफा हैरी और मेगन द्वारा किए गए वे बड़े खुलासे हैं, जिनसे पूरी दुनिया हैरान है। दरअसल, हैरी और मेगन ने हाल ही में एक साक्षात्कार दिया था।
इस दौरान उन्होंने ब्रिटिश रॉयल फैमिली में नस्लीय भेदभाव का खुलासा किया। इसके बाद से ब्रिटिश राजपरिवार को इस पर सफाई भी देनी पड़ी। बता दें कि पिछले साल की शुरुआत में ही हैरी ने एलान किया था कि वे और उनकी पत्नी मेगन राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य की आधिकारिक भूमिका से खुद को अलग कर रहे हैं।
इसके बाद वे उत्तरी अमेरिका में रह रहे हैं। खैर ब्रिटिश राजपरिवार में यह कोई नया या पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी कई बार खुलासों के कारण चर्चाओं में रहा है। आइए जानते हैं कि कब-कब ब्रिटिश राजपरिवार को लेकर क्या-क्या विवाद सुर्खियों में रहे हैं।
हैरी और मेगन की ओर से हाल ही में अमेरिकी टीवी प्रस्तोता ओप्रा विन्फ्रे को दिए एक विशेष साक्षात्कार में शाही परिवार के एक सदस्य द्वारा नस्लभेदी टिप्पणी का जिक्र किया था। इस साक्षात्कार के बाद बकिंघम पैलेस ने ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ओर से एक बयान जारी कर खेद व्यक्त किया गया है।
हालांकि, हैरी और मेगन ने परिवार से जुड़े उस सदस्य का नाम जाहिर नहीं किया था। लेकिन उन्होंने यह जरूर बताया था कि नस्लीय टिप्पणी उनके बेटे आर्ची को रंग को लेकर की गई थी। राजपरिवार के साथ अपने अनुभव पर मेगन ने कहा था कि वह बेहद अकेलापन महसूस करती थी।
उसे कई तरह के नियमों में बंधकर रहना पड़ रहा था। वह दोस्तों के साथ लंच या डिनर तक के लिए बाहर नहीं जा सकती थी। गर्भावस्था के दौरान ही उनके होने वाले बच्चे को लेकर कई तरह के नए-नियम कायदे बनाए गए थे। उससे जिनसे सुरक्षा और शाही परिवार के राजकुमार की उपाधि नहीं दी जाती। परिवार के लोग उसकी त्वचा के रंग को लेकर बात करते थे। इन सब बातों से वह तनाव महसूस करती थीं।
