- भाजपा का ‘वार्ड चलो अभियान’ शुरू, जनसंवाद पर जोर
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा “वार्ड चलो अभियान” की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के गीतापल्ली वार्ड में पहुंचकर किया, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों के बीच केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए संवाद स्थापित किया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने निशातगंज स्थित काल्विन कॉलेज वार्ड में घर-घर जाकर राज्य सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए और लाभार्थियों से संपर्क किया। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ समाजसेवी श्याम लाल वाल्मीकि को उनके आवास पर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित भी किया।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सीधे जनता के बीच जाकर संवाद करना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलती है और जनता से जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होता है।
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि यह अभियान 7 से 12 अप्रैल तक लखनऊ महानगर के सभी वार्डों में चलाया जाएगा, जिसमें सांसद, विधायक, महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधि वार्ड स्तर पर जाकर बुद्धिजीवियों, प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क कर संवाद करेंगे। इस दौरान स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू के अनुसार कार्यक्रम में महामंत्री धनश्याम दास अग्रवाल, उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, पार्षद प्रमोद राजन, योगेंद्र पटेल, कार्यक्रम संयोजक लखविंदर पाल सिंह, पार्षद ऋचा आदर्श मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राजन वर्मा, पार्षद पीयूष दीवान, मंडल उपाध्यक्ष सुनील वाजपेयी, मनोज श्रीवास्तव, मोहित कपूर सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
