बंगाल दौरे के 3 दिन बाद जेपी नड्‌डा कोरोना पॉजिटिव

National

(www.arya-tv.com)भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तीन दिन पहले ही वह पश्चिम बंगाल के दौरे पर थे। वहां 9 और 10 दिसंबर को उन्होंने रोड शो और रैलियां की थीं। अब संक्रमित होने के बाद उनके सभी कार्यक्रम टाल दिए गए हैं।

नड्डा ने सोशल मीडिया पर खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है। डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी गाइडलाइंस का पालन कर रहा हूं। मेरा अनुरोध है, जो भी लोग पिछले कुछ दिनों में संपर्क में आएं हैं, वे खुद को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।

ममता ने कहा- मेरी प्रार्थनाएं नड्डा के साथ

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नड्डा के जल्दी ठीक होने की कामना की। ममता ने ट्वीट किया- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के कोरोना पॉजिटिव होने के बारे में पता चला। वे जल्दी स्वस्थ हों। ऐसे समय में मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं।