भाजपा नेताओं का विधानसभा घेराव करना पड़ा मंहगा

Uncategorized

(www.arya-tv.com) भाजपा द्वारा बुधवार को आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान हुए उपद्रव मामले में धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रांची सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, प्रतुल शाहदेव सहित 28 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनके विरुद्ध भादवि की धारा 147, 148, 341, 323, 353, 332, 427 व आपदा प्रबंधन की धारा 188, 269, 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

लगाई गई धाराओं में कुछ को छोड़ अधिकांश मामूली हैं। लेकिन, जमानत लेनी होगी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए ड्राफ्ट तैयार करने में 11 घंटे लग गए। 4 बार संशोधन हुआ। वरीय अधिकारियों को ड्राफ्ट दिखाने के बाद फाइनल किया गया। शहर अंचलाधिकारी अमित भगत ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

28 लोग नामजद, जो फ्रंटलाइन पर कर रहे थे प्रदर्शन, उनका नाम नहीं
धुर्वा थाना में दर्ज प्राथमिकी में जिन 28 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनमें चार सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, प्रतुल नाथ शाहदेव और आरती कुजूर को छोड़ अधिकांश ऐसे हैं, जिन्हें ज्यादातर लोग नहीं जानते। कई लोग थे जो बैरिकेडिंग पर खड़ा होकर सामने प्रदर्शन कर रहे थे, उनके नाम तक प्राथमिकी में नहीं हैं। 28 नामजद में जिन लोगों के नाम प्राथमिकी में दर्ज किए गए हैं, उनमें से अधिकांश वे हैं, जिनका इलाज रिम्स में चल रहा था। घायलों का नाम बरियातू पुलिस ने नोट किया था। उन्हीं का नाम प्राथमिकी में जोड़ दिया गया।

प्राथमिकी दर्ज करने के दौरान वीडियो फुटेज भी सही तरीके से नहीं देखा गया
प्राथमिकी दर्ज करने के दौरान वीडियो फुटेज भी सही तरीके से नहीं देखा गया। अगर वीडियो फुटेज सही तरीके से देखा जाता, तो कई लोग बैरिकेडिंग तोड़ते दिखते, जिनका नाम प्राथमिकी में जोड़ा जा सकता था। जबकि विधानसभा घेराव के लिए निकले जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से हरमू चौक से विधानसभा के पहले जगन्नाथपुर मंदिर तक लाने के लिए पांच थाना अरगोड़ा, डोरंडा, कोतवाली, जगन्नाथपुर और धुर्वा के थानेदारों को लगाया गया था। वहीं सिटी एसपी व एएसपी हटिया वहां मौजूद थे, जहां बैरिकेडिंग को प्रदर्शनकारियों ने तोड़ा।

दीपक प्रकाश ने कहा  विस घेराव के दौरान अनुपस्थित सीओ के फर्जी स्क्रिप्ट पर बैकडेट में दर्ज हुई एफआईआर
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया है कि विधानसभा घेराव के दौरान अनुपस्थित रहे रांची सीओ के फर्जी स्क्रिप्ट पर पुलिस ने बैकडेट में एफआईआर दर्ज की है। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सीएम के इशारे के बाद बाबूलाल मरांडी व उन पर हमला हुआ। महिला कार्यकर्ताओं के कपड़े फाड़े गए। डरी हुई सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे कर रही है। कहा कि यह विडंबना है कि स्पीकर अपने ही आदेश की समीक्षा करवा रहे हैं। हालांकि, कमेटी बनाए जाने को उन्होंने भाजपा के संघर्ष का प्रतिफल बताया।

सवाल…शिबू सोरेन के काल में कोल इंडिया पर कितना बकाया था
काेल इंडिया पर बकाए के सवाल पर प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस व तत्कालीन केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन के कार्यकाल में कोल इंडिया पर कितना पैसा बकाया था और कितने मिले, उस बारे में भी सीएम को सदन में बताना चाहिए। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक व प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव भी थे।