मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बढ़ती चेन स्नैचिंग, छिनैती और राहगीरों से लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। अपराधियों को सबक सिखाने और दोबारा अपराध करने से रोकने के उद्देश्य से सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे आरोपियों के नाम और फोटो सार्वजनिक किए जाएं। इन तस्वीरों को बाजारों, चौराहों और व्यस्त स्थानों पर फ्लेक्सी बोर्ड के जरिए लगाया जा रहा है।
कछवा पुलिस की पहल
कछवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने इसी क्रम में कई आरोपियों की सूची तैयार कर फ्लेक्सी बोर्ड लगाए हैं। ये बोर्ड कछवा-जमुआ मार्ग के चौराहे, पुलिस बूथ, थाने और मिशन तिराहे पर प्रमुखता से लगाए गए हैं। सूची में शामिल नामों में एक नाम चौंकाने वाला है – भोनू सिंह, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मझवां मंडल के उपाध्यक्ष हैं।
भाजपा में खलबली, विपक्ष हमलावर
भोनू सिंह का नाम चेन स्नैचर्स और लुटेरों की सार्वजनिक सूची में शामिल होने से भाजपा के स्थानीय नेताओं में हड़कंप मच गया है। जिले भर में इस घटना पर चर्चा का बाजार गर्म है। भोनू सिंह अपने फेसबुक प्रोफाइल पर स्पष्ट रूप से ‘भाजपा मंडल उपाध्यक्ष’ लिखते हैं और उनकी तस्वीरें कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, भाजपा काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल और मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ सोशल मीडिया और पार्टी कार्यक्रमों में उपलब्ध हैं।
सपा का तीखा प्रहार
समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला अध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने इस मामले को मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “अपराध भाजपा के लोग कर रहे हैं, लेकिन बदनामी विपक्ष की हो रही है। चाहे जनपद हो या पूरा प्रदेश, हर जगह भाजपा से जुड़े लोग ही इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। पुलिस द्वारा जारी की गई तस्वीरें और नाम इस बात का सबूत हैं कि भाजपा कार्यकर्ता जनता की ‘सेवा’ किस अंदाज में कर रहे हैं।”
पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अपराध नियंत्रण का संदेश जा रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में यह मामला गरमाता जा रहा है। भाजपा नेतृत्व की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
