(www.arya-tv.com) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा पूंजीवाद की पोषक पार्टी है जिसमें गरीबों की कोई सुनने वाला नहीं है। भाजपा नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि बेरोजगारी के कारण अपराधों में लगातार वृद्धि होती जा रही है। भाजपा सरकार किसी भी समस्या का समाधान नहीं करना चाहती है। भाजपा के कारण ही अराजकता पैदा हो गई है। कानून का किसी को भय नहीं है। जब स्वयं भाजपाई कानून के साथ खिलवाड़ करते है तब कानून का राज कैसे कायम हो सकता है?अखिलेश ने कहा कि भाजपा की आर्थिक नीतियों के कारण कारोबार चौपट हो गए हैं। भाजपा सरकार जनहित में कोई भी निर्णय लेने में सक्षम नहीं है। ऐसी निकम्मी सरकार को हटाने के लिए व्यापक स्तर पर जन सहयोग की है।
समाजवादी पार्टी ही भाजपा को सत्ता से हटाकर पुनः लोकतंत्र को स्थापित करेगी और आम नागरिक के साथ न्याय का रास्ता प्रशस्त करेगी।अंजान आदमी पार्टी का विलय समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था रखते हुए अन्जान आदमी पार्टी का सोमवार को सपा में विलय हो गया। इसकी घोषणा इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. आशुतोष मिश्रा ने अखिलेश की मौजूदगी में की। उनके साथ अन्जान आदमी पार्टी के सचिव रावेन्द्र मिश्र व चित्रकूट विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति बी.पाण्डेय उपस्थिति थे।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का झंडा प्रदान किया और लाल टोपी पहनाई गई। इन सभी नेताओं द्वारा समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की गई। अखिलेश ने अंजान आदमी पार्टी का विलय स्वीकार कर कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों से ही सामाजिक सद्भाव एवं लोकतांत्रिक समाजवादी व्यवस्था को ताकत मिलेगी। समाजवादी पार्टी की प्रतिबद्धता शोषित-पीड़ित वंचित तथा उपेक्षा के शिकार समाज को न्याय दिलाने की है।