बिरयानी पर बवाल … लखनऊ में रेस्टोरेंट संचालक ने ग्राहकों को पीटा, सड़क पर दौड़ाकर रॉड से हमला, एक का सिर फटा, हाथ टूटा

# ## Lucknow

 इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट में बिरयानी के पीस को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि संचालक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर ग्राहकों पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों युवकों को सड़क पर दौड़ाकर रॉड और डंडों से पीटा गया, जिससे एक का सिर फट गया और हाथ टूट गया। टेढ़ी पुलिया निवासी सूरज प्रजापति ने बताया कि वह बुधवार रात अपने साथी मो. आमिर के साथ मुगलई जायका रेस्टोरेंट पर बिरयानी पैक कराने गए थे।

इसी दौरान बिरयानी के पीस को लेकर रेस्टोरेंट मालिक रिजवान से कहासुनी हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर रिजवान ने अपने साथी जमीर और अन्य कर्मचारियों को बुलाकर दोनों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने रॉड और डंडों से वार कर सूरज को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता देवेंद्र प्रताप सिंह को भी आरोपियों ने पीट दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। वहीं मोहम्मद आमिर भी घायल होकर अचेत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच की जा रही है।