(www.arya-tv.com)किसान आंदोलन के समर्थन में आज (मंगलवार 8 दिसंबर) भारत बंद किया गया है। भाजपा शासित 17 में से 15 राज्यों में इसका ज्यादा असर अब तक नहीं देखा गया है। गुजरात के तीन हाइवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। बिहार के दरभंगा में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर हंगामा किया। यहां गंज चौक में सड़क पर टायर जलाए गए। आरजेडी किसानों के भारत बंद का समर्थन कर रही है। कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया।
देश के 17 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार है। छह केंद्र शासित प्रदेश भी हैं, जिनमें से जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लागू है। इस तरह इन 23 राज्यों में देश की 50% आबादी रहती है। यहां 6.25 करोड़ किसान परिवार हैं।
गुजरात में 3 हाइवे पर प्रदर्शन
अहमदाबाद-विरमगाम हाइवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया, इससे ट्रैफिक जाम हो गया। प्रदर्शनकारियों ने वडोदरा और भरूच में भी नेशनल हाइवे जाम कर दिया। पुलिस ने अहमदाबाद में कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
गोवा : बंद का अब तक असर नहीं भाजपा शासित गोवा में मंगलवार को का जनजीवन सामान्य नजर आ रहा है। यहां बाजार खुले हुए हैं और सड़कों पर आवाजाही भी सामान्य दिनों की तरह है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी आम दिनों की तरह चल रहा है। यहां टूरिस्ट भी नजर आए। पणजी के आजाद मैदान पर कुछ संगठन प्रदर्शन कर सकते हैं।
कर्नाटक : कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन
यहां कांग्रेस नेताओं ने विधान सौधा में गांधी प्रतिमा के सामने केंद्र सरकार के सामने नारेबाजी की और काले झंडे दिखाए। कांग्रेस नेता यहां रैली भी निकाल सकते हैं।