पवन सिंह की भाजपा में एंट्री फिक्स, BJP नेता उपेंद्र कुशवाहा से लिया आशीर्वाद

# ## National

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में एंट्री को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने इस संबंध में महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने पवन सिंह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात पर कहा, “पवन सिंह भाजपा के साथ हैं और आगे भी रहेंगे। उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव में पवन सिंह भाजपा कार्यकर्ता के रूप में एनडीए के लिए सक्रियता से काम करेंगे।”

दिल्ली में हुई कुशवाहा और पवन सिंह की मुलाकात

विनोद तावड़े हाल ही में पवन सिंह के साथ दिल्ली में उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर पहुंचे थे। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जिसके कारण उपेंद्र कुशवाहा को हार का सामना करना पड़ा था। उस दौरान राजपूत वोटरों का समर्थन कुशवाहा को नहीं मिला था, जिसका प्रभाव काराकाट के साथ-साथ आसपास की कई सीटों पर भी देखा गया। इस वजह से कुशवाहा समुदाय के मतदाताओं ने भी एनडीए उम्मीदवारों से दूरी बना ली थी, जिससे भाजपा को शाहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ।

पवन सिंह की वापसी से भाजपा को होगा लाभ

यदि विनोद तावड़े का दावा सही साबित होता है और पवन सिंह भाजपा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते हैं, तो बिहार में पार्टी को बड़ा फायदा हो सकता है। पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा के एक चर्चित अभिनेता हैं और बिहार में उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है। उनके स्टारडम का असर बिहार की जनता पर साफ दिखता है। ऐसे में उनकी भाजपा में वापसी से पार्टी को आगामी चुनाव में मजबूती मिलने की संभावना है।