ठंड से कांपते रहे बच्चे नहीं बंटे स्वेटर

Gorakhpur Zone UP

(www.arya-tv.com) बस्ती। बेसिक शिक्षा विभाग शासन की कसौटी पर कभी खरा नहीं उतर पाता। इस बार स्वेटर वितरण में भी यहीं हुआ। 30 नवंबर तक सभी परिषदीय स्कूलों में स्वेटर बंट जाना था। लेकिन हाय रे, व्यवस्था अभी तक नामित कंपनी से स्वेटर की पर्याप्त आपूर्ति ही नहीं ली जा सकी।

इधर सर्द अपना असल रूप अख्तियार करने लगी है। स्कूल आने वाले जरूरतमंद बच्चों के बदन अभी गर्म कपड़ों से नहीं ढक सके हैं। स्कूली बच्चों को ठंड से बचाने के लिए शासन हर साल निशुल्क स्वेटर मुहैया कराता है। इस बार जेम पोर्टल के माध्यम से एक कंपनी से आपूर्ति का अनुबंध अक्टूबर माह में ही हो गया था।

नवंबर तक स्वेटर वितरित हो जाना था। 12 दिसंबर बीत गए। अभी तक विभाग स्वेटर की पर्याप्त आपूर्ति ही नहीं करा सका। कुछ मात्रा में ही स्वेटर आए। सौ फीसद बच्चे लाभान्वित नहीं हो सके। इधर ठंड बढ़ी तो बच्चे परेशान हो गए हैं। वह कांपते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। विभाग की खूब किरकिरी हो रही है।

बीईओ साऊंघाट ने बताया कि उन्हें चार हजार स्वेटर की आपूर्ति मिली। जल्द वितरित करा दिया जाएगा। यहां बच्चों की संख्या 12425 है। बीईओ रुधौली रामकुमार सिंह ने बताया 12048 बच्चों के सापेक्ष महज 1200 सौ स्वेटर प्राप्त हुए हैं।