मृतक मां के स्थान पर नौकरी के लिए डीएम कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठी गरिमा

Gorakhpur Zone UP

बस्ती।(www.arya-tv.com) मृतक मां के स्थान पर नौकरी एवं समस्त देयकों के भुगतान की मांग को लेकर कोतवाली थाना क्षेत्र के डिलिया निवासी गरिमा भारती ने बुधवार को डीएम कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल शुरू कर दिया। उनका कहना था कि एएनएम मां की मृत्यु के बाद उन्हें कोई देयक नहीं मिला और न ही नौकरी दी गई। जबकि माता-पिता की वह इकलौती संतान है।

गरिमा काफी दिनों से हक के लिए आवाज उठा रही है। ठोस कार्रवाई न देख वह भूख हड़ताल पर बैठ गई। कुछ देर के बाद एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल एवं सीएमओ डा. जेपी त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। गरिमा से पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उनकी माता की जगह पर नौकरी और समस्त देयक एक व्यक्ति ने कूटरचित कागजात तैयार कर हासिल कर लिया है।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मामले की जांच चल रही है। शीघ्र ही न्याय दिलाया जाएगा। इस पर गरिमा ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो फिर से वह आंदोलन करेंगी।