लखनऊ में फिर आत्मदाह की कोशिश:विधानसभा के सामने अधेड़ ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को जलाया, अस्पताल में भर्ती

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानसभा और लोकभवन लोगों के लिए सुसाइड करने व अपनी आवाज सत्ता तक पहुंचाने का पॉइंट बनता जा रहा है। सोमवार को कुछ घंटों के अंतराल पर दो पीड़ितों ने खुद को जलाकर मारने का प्रयास किया। बाराबंकी का एक पीड़ित परिवार खुशनसीब रहा कि मिट्टी का तेल डालने के बाद जैसे ही वह आग लगाने की फिराक में था, उसे पुलिस ने पकड़ लिया। लेकिन, दूसरा पीड़ित बुरी तरह झुलस गया है। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मकान के विवाद में आत्मदाह करने पहुंचा था शख्स

लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले सुरेश चक्रवर्ती का उनके मकान मालिक से विवाद है। आरोप है कि स्टे होने के बावजूद मकान पर कब्जा किया जा रहा है। पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। इसी बात से परेशान होकर सोमवार की शाम वे विधानसभा पहुंचे। जहां उन्होंने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा लिया। पुलिस ने उन्हें बचाया है। सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
डीसीपी सेंट्रल सोमेन वर्मा ने बताया कि एक परिवार के मुखिया नसीम हैं, जो बाराबंकी के रहने वाले हैं। वो अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ यहां आए हुए थे। पीड़ित ने बताया है कि उनकी दुकान का विवाद है। जिस पर दबंग कब्जा करना चाहते हैं। लेकिन पुलिस उनकी सुन नहीं रही है।

पूरे परिवार को हिरासत में लिया गया

डीसीपी ने कहा कि हमारी पुलिस टीम लोकभवन पर मौजूद थी। जैसे ही परिवार के सदस्य ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाला, वैसे ही उन्हें बचा लिया गया। इस संबंध में बाराबंकी के जिला प्रशासन और डीएम से बात की गई है उनको पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया है। वह अपनी टीम लखनऊ भेज रहे हैं। पूरे मामले का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा। परिवार अभी पुलिस हिरासत में है।

छह दिन पूर्व भी महिला ने किया था आत्मदाह का प्रयास

छह दिन पूर्व महाराजगंज की रहने वाली एक महिला ने भाजपा कार्यालय के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। उसने खुद को आग लगा लिया था। पुलिस ने आग पर काबू पाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया था। जहां उसकी मौत हो गई थी।