(www.arya-tv.com)अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के लिए समर्पण निधि (आर्थिक सहयोग) अभियान की शुरूआत हो चुकी है। इसी कड़ी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्र शुक्रवार को रायबरेली पहुंचे। यहां पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ 11 लाख 11 हजार 11 सौ 11 रुपए दान किया। इसके लिए सरेनी क्षेत्र के तेज गांव में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस मौके चंपत राय ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर नींव का डिजाइन बन जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और 39 माह में यह काम पूरा हो जाएगा।
रामनाथ कोविंद ने पांच लाख, 1 हजार और शिवराज सिंह चौहान ने 1 लाख रुपए का दिया सहयोग
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की दिशा में योगदान दिया। वीएचपी के आलोक कुमार ने कहा कि वे (रामनाथ कोविंद) देश के पहले नागरिक हैं इसलिए हम इस अभियान को शुरू करने के लिए उनके पास गए। उन्होंने 5,01,000 रुपये की राशि दान में दी। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद के नेता विनायक राव देशमुख को एक लाख रुपए का चेक दिया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण में एक ईंट हमारे परिवार की भी लगेगी। यह राम मंदिर नहीं राष्ट्र मंदिर है। श्री रामजी भारत की पहचान हैं। यह सौभाग्य है कि मंदिर का निर्माण जनसहयोग से प्रारंभ हो रहा है और उसमें हमें अपना योगदान देने का सौभाग्य मिला। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राम मंदिर निर्माण के सहयोग किया है। उन्होंने दो लाख रुपए का दान दिया है।