(www.arya-tv.com)राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह ने शुक्रवार को राम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख एक रुपए का दान किया। उन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से रसीद भी दी गई। इस मौके पर कल्याण सिंह ने अपनी अंतिम इच्छा भी व्यक्त की। कहा कि राम मंदिर का निर्माण देखकर ही अंतिम सांस लूं, यही मेरी आखिरी इच्छा है।
कल्याण सिंह ने कहा कि ये जग जानता है कि मैं राम के प्रति श्रद्धा रखता हूं। जब मुख्यमंत्री था तब भी श्रद्धा थी और आज जब CM नही हूं तब भी उतनी ही श्रद्धा रखता हूं। ये राष्ट्र मंदिर का निर्माण है। 6 दिसंबर को कुछ घटना हो गई। मैं ये समझता हूं कि अगर वो ढांचा बना रहता तो कोई भी अदालत वहां मंदिर निर्माण का आदेश नहीं देती।
मैंने पहले कहा था कि मेरे जीवन काल में ही राम का भव्य मंदिर बन जाए और अब उम्मीद है कि मेरे जीवनकाल में भव्य राम मंदिर बन जाएगा। CBI ने 32 आरोपियों को बरी किया था। लेकिन कुछ मुस्लिम समुदाय के लोग पिटीशन लगा कर अड़ंगा लगा रहे हैं। लेकिन न रिवीजन से कुछ होगा ना डिवीजन से कुछ होगा राम का भव्य मंदिर बनेगा।
संघ के सह-सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि आज बहुत ही आनंद का विषय है कि जिस व्यक्ति ने राम मंदिर को लेकर इतिहास रचा उनके घर पर राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह के लिए आए हैं। 12 करोड़ परिवार तक 4 लाख ग्राम तक जाएंगे। आज से ये धन संग्रह का ये अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। राम मंदिर से राष्ट्र मन्दिर का निर्माण होगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलेंगे
निधि समर्पण अभियान के तहत सहयोग राशि लेने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, अवध प्रांत के प्रचारक कौशल किशोर पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के लखनऊ स्थित घर पर पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी शाम में मुलाकात की जाएगी। इस दौरान उनसे भी धन संग्रह किया जाएगा।