केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित अटल खेल महोत्सव का समापन विवादों के साए में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन प्राइजमनी और पदकों के वितरण को लेकर खिलाड़ियों ने जमकर हंगामा किया। खिलाड़ियों और आयोजकों के बीच देर शाम तक तीखी नोकझोंक होती रही, जिसे काफी मशक्कत के बाद शांत कराया गया।
खिलाड़ियों का आरोप है कि आयोजकों ने पूर्व में घोषित की गई प्राइजमनी के अनुसार धनराशि का वितरण नहीं किया। इसके साथ ही, उन्होंने पदकों के वितरण में धांधली और हेरफेर के गंभीर आरोप भी लगाए। कई विजेताओं का कहना था कि उन्हें अब तक उनके पदक प्राप्त नहीं हुए हैं। क्रीड़ा भारती (लखनऊ) के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घोषणा के अनुरूप ही पुरस्कार राशि वितरित की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि पदकों के वितरण में कोई तकनीकी त्रुटि हुई है, तो उसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा और सभी पात्र विजेताओं को उनके पदक दे दिए जाएंगे।
