विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट आने लगी नजर

Prayagraj Zone

प्रयागराज (www.arya-tv.com) वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट नजर आने लगी है। प्रयागराज में भी राजनैतिक दलों ने अभी से जोर लगाना शुरू कर दिया है। सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। बूथ स्तर तक की कमेटियों का गठन भी किया जा रहा है। गांव-गांव, गली-गली पार्टी की नीतियों से लोगों को अवगत कराया जा रहा है। लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता आवाज उठा रहे हैं।

गिनाईं जा रही अपनी-अपनी उपलब्धियां

समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी लोगों से मिलना-जुलना तेज कर दिया है। सपा सरकार में प्रदेश में कल्‍याणकारी योजनाओं को बताया जा रहा है। वर्ष 2022 को लेकर सब्‍जबाग भी दिखाए जा रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता लोगों को दिल्ली मॉडल के बारे में बता रहे हैं। मुफ्त बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे दिल्ली में लोगों को मिल रही है, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर भी करने का सब्‍जबाग दिखाया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पंधारी यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन का कहना है कि प्रदेश की जनता इस समय परेशान है। लोग सपा की सरकार याद कर रही है। उधर, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. अल्ताफ अहमद, जिला महासचिव सर्वेश यादव का कहना है कि दिल्ली मॉडल को उत्तर प्रदेश की जनता पसंद कर रही है।