असम चुनाव : भाजपा ने जारी की 88 उम्मीदवारों की List, मुख्यमंत्री शर्मा लड़ेंगे जलुकबारी से चुनाव

# ## National

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची बृहस्पतिवार को जारी कर दी, जिसमें जलुकबारी सीट से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी शामिल है। पार्टी ने कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बोरदोलोई बुधवार को शर्मा और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

सूची के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले भूपेन कुमार बोरा बिहपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। बिरसिंह-जरूआ सीट से माधवी दास, चमरिया से ज्योत्सना कलिता और मंगलदाई से नीलिमा देवी को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। भाजपा की असम इकाई के प्रमुख दिलीप सैकिया भी बैठक में मौजूद थे।

बोरदोलोई भाजपा में शामिल

असम के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद उनके बेटे प्रतीक ने घोषणा की है कि वह आगामी विधानसभा चुनावों में मार्गेरिटा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बुधवार को लिखे एक पत्र में प्रतीक ने कहा कि वह पार्टी के सदस्य बने रहेंगे।

कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार

पत्रकारों के साथ बृहस्पतिवार को साझा किए गए इस पत्र में प्रतीक ने कहा कि उनके पिता के दूसरी पार्टी में शामिल होने के फैसले के बाद उनके लिए मार्गेरिटा से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में बने रहना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा, ”पार्टी के प्रति अत्यंत सम्मान और गहरी जिम्मेदारी की भावना के साथ मैं मार्गेरिटा विधानसभा क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के अपने निर्णय से अवगत कराना चाहता हूं।”

प्रतीक ने जोर देकर कहा कि वह पार्टी के लिए उस क्षमता से काम जारी रखेंगे जिसे नेतृत्व उचित समझेगा। उनके पिता पांच दशकों से अधिक समय तक कांग्रेस में रहे और मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अगले दिन वह भाजपा में शामिल हो गए।