- योगी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में सरोजनीनगर बना EV क्रांति का केंद्र: डॉ. राजेश्वर सिंह
- डॉ. राजेश्वर सिंह बोले- योगी मॉडल ऑफ गवर्नेंस ने सरोजनीनगर को बनाया ग्रीन मोबिलिटी और मेक इन इंडिया हब
- स्वच्छ परिवहन, जीरो कार्बन और हजारों युवाओं के लिए रोजगार: डॉ. राजेश्वर सिंह ने की सीएम योगी की तारीफ
- विकास, पर्यावरण सुरक्षा और आत्मनिर्भरता एक साथ : सरोजनीनगर EV प्लांट इसका आदर्श उदाहरण
लखनऊ। शुक्रवार को सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की पहली इलेक्ट्रिक बस निर्माण फैक्ट्री अशोक लीलैंड का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अत्याधुनिक ईवी बस प्लांट का लोकार्पण सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरोजनीनगर में प्रदेश की पहली इलेक्ट्रिक बस फैक्ट्री की स्थापना उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इतिहास में एक निर्णायक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और निवेश-अनुकूल नीतियों के बिना संभव नहीं थी।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश को कभी उद्योगों के पलायन के लिए जाना जाता था, आज वही प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्रीन मोबिलिटी, हाई–टेक मैन्युफैक्चरिंग और मेक इन इंडिया का राष्ट्रीय केंद्र बन रहा है। सरोजनीनगर में स्थापित अशोक लीलैंड की ईवी बस फैक्ट्री इस परिवर्तन की जीवंत मिसाल है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी जी का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।
विधायक ने कहा कि ₹1000 करोड़ से अधिक के निवेश से स्थापित यह प्लांट केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं है, बल्कि योगी सरकार के ‘विकास + पर्यावरण + रोजगार’ मॉडल का सशक्त प्रतीक है। प्रारंभिक चरण में 2500 इलेक्ट्रिक बसों के वार्षिक उत्पादन और भविष्य में 5000 बसों तक विस्तार की योजना यह दर्शाती है कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब उपभोग से आगे बढ़कर उत्पादन और निर्यात का केंद्र बन चुका है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लागू की गई तेज़ निर्णय प्रक्रिया, पारदर्शी प्रशासन, निवेश सुरक्षा और उद्यम–मैत्री नीतियों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन्हीं कारणों से वैश्विक कंपनियाँ उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर आश्वस्त हुई हैं। 75 प्रतिशत फ्रंट-एंड लैंड सब्सिडी जैसी नीतियाँ यह प्रमाणित करती हैं कि योगी सरकार उद्योगों को केवल आमंत्रित ही नहीं करती, बल्कि उन्हें स्थायी रूप से स्थापित भी करती है।
उन्होंने विशेष रूप से यह रेखांकित किया कि सरोजनीनगर स्थित स्कूटर इंडिया की 70 एकड़ भूमि पर इस अत्याधुनिक प्लांट की स्थापना मुख्यमंत्री योगी की ‘डेड एसेट को डायनामिक एसेट’ में बदलने की दूरदृष्टि का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे 1000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के साथ-साथ हजारों युवाओं के लिए अप्रत्यक्ष एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
विधायक ने कहा कि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ परिवहन, कम कार्बन उत्सर्जन और तकनीकी कौशल आधारित रोजगार का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश जल्द ही भारत की EV क्रांति का इंजन बनेगा।
अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैक्ट्री केवल वर्तमान की उपलब्धि नहीं, बल्कि योगी जी के विज़न से निर्मित उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, जहाँ विकास, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता एक साथ आगे बढ़ते हैं।
