जल निगम का खाता सीज होते ही जमा हुआ 24.30 लाख रुपये का बकाया गृहकर

Lucknow
  • जल निगम का खाता सीज होते ही जमा हुआ 24.30 लाख रुपये का बकाया गृहकर

लखनऊ। नगर निगम के जोन-7 में लंबे समय से लंबित गृहकर वसूली को लेकर की गई सख्त कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। राजस्व कर निरीक्षक हरि शंकर पाण्डेय द्वारा जल निगम के भवनों का कई वर्षों से बकाया गृहकर प्राप्त न होने पर विभाग का बैंक खाता सीज कराने की कार्रवाई की गई।

खाता सीज किए जाने के मात्र एक सप्ताह के भीतर ही जल निगम प्रशासन हरकत में आया और दिनांक 18 फरवरी 2026 एवं 19 फरवरी 2026 को कुल लगभग 24 लाख 30 हजार रुपये की बकाया धनराशि नगर निगम में जमा करा दी गई।

इस कार्रवाई को राजस्व वसूली के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। जोन-7 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस प्रभावी पहल की सराहना करते हुए खुशी जताई। इस दौरान जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी अजीत राय तथा कर अधीक्षक विनय राय सहित समस्त कर्मचारियों ने बधाई देकर उत्साहवर्धन किया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बकाया कर वसूली के लिए आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी अभियान जारी रहेगा, जिससे नगर निगम की राजस्व व्यवस्था मजबूत हो सके।