(www.arya-tv.com) आम आदमी पार्टी के विधायक तथा दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को सोमवार को रायबरेली में बड़ी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। वह यहां पर पुलिस की टीम के साथ वार्ता कर रहे थे, इसी दौरान उनके ऊपर एक युवक ने काली स्याही फेंकी।
इसके बाद विधायक ने युवक को काफी अपशब्द कहे और उसकी पीछा भी किया। वहीं अमेठी में दर्ज एक पुराने मामले में पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है। आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती ने इसे भाजपाइयों की कारस्तानी बताया और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती आज रायबरेली में सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उनको रोका तो वह दारोगा को वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे। वह पुलिस अधिकारियों के साथ बहस में लगे थे, तभी एक युवक ने उन पर काली स्याही फेंक दी।