(www.arya-tv.com) बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार पिछले कुछ समय से अपनी फिल्म ओह माय गॉड 2 को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी भी नजर आएंगे। सितंबर में इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी। हाल में फिल्म की टीम के सात सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद फिल्म की शूटिंग रोकनी पड़ी थी। अब जानकारी सामने आ रही है कि रामानंद सागर की रामायण के राम अरुण गोविल फिल्म में भगवान राम का किरदार निभाएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय की ओह माय गॉड 2 में अरुण राम का किरदार निभाने वाले हैं। खबरों की मानें तो फिल्म में अरुण के राम की भूमिका निभाने को लेकर अक्षय बेहद उत्साहित हैं। एक सूत्र ने कहा, भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए अरुण से ज्यादा पहचानने योग्य कोई दूसरा चेहरा नहीं है। यह एक ऐसा निर्णय था, जिसे निर्माताओं ने सर्वसम्मति से लिया है। फिल्म में परेश रावल और यामी गौतम भी दिखेंगी।
फिल्म को अश्विन वर्दे और अक्षय प्रोड्यूस कर रहे हैं। अमित राय ने फिल्म का निर्देशन किया है। अमित रोड टू संगम का निर्देशन कर चुके हैं। यह फिल्म 2010 में रिलीज हुई थी। ओह माय गॉड को उमेश शुक्ला ने निर्देशित किया था और वह इस सीच्ल से नहीं जुड़े हैं। पंकज के साथ यह अक्षय की दूसरी फिल्म होगी। दोनों बच्चन पांडे में साथ काम कर चुके हैं। अक्टूबर के अंत में फिल्म की शूटिंग फिर शुरू होगी।
2012 में रिलीज हुई ओह माय गॉड एक गुजराती नाटक पर आधारित है, जिसका नाम है कांजी वर्सेस कांजी। फिल्म अंग्रेजी फिल्म द मैन हू स्यूड गॉड से भी प्रेरित थी। यह एक गुजराती व्यवसायी की कहानी है, जो नास्तिक होता है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब वह भगवान के अस्तित्व को साबित करने के लिए अदालत में जाता है। फिल्म ने इस बात पर प्रकाश डाला कि धर्म, जाति और अन्य भेदभाव इंसान ने ही बनाए हैं।
अक्षय की यह फिल्म भारतीय शिक्षा प्रणाली पर आधारित होगी। फिल्म में राम के किरदार के लिए अरुण को परफेक्ट माना जा रहा है। उन्होंने बॉलीवुड और टीवी के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों और भोजपुरी इंडस्ट्री में भी काम किया है। वह 2006 में रिलीज हुई भोजपुरी फिल्म बाबुल प्यारे में नजर आए थे। अरुण को कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में भी देखा गया था। उनके साथ रामायण की स्टार कास्ट दीपिका चिखलिया भी दिखी थीं।