आगरा(www.arya-tv.com) कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में आज से शुरू होने जा रही सेना भर्ती रैली में भाग लेने के लिए रविवार से ही युवाओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। इसको देखते हुए पुलिस ने शाम को हाईवे की एक लेन बंद कर दी। मथुरा की तरफ से आने वाले वाहनों को एक किलोमीटर तक आगरा की तरफ की दायीं लेन पर होकर चलना पड़ा। एक ही मार्ग से दोनों तरफ के वाहन निकले। इससे जाम लग गया। हाईवे पर सोमवार से 400 पुलिसकर्मी दो शिफ्ट में ड्यूटी देंगे। भर्ती की प्रक्रिया आज सुबह पांच बजे से शुरू हो जाएगी। यह दोपहर 12 बजे तक चलेगी।
एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि 8 मार्च तक चलने वाली भर्ती में 1.10 लाख से अधिक युवा भाग लेंगे। छह जिलों का भर्ती रोस्टर तहसील वार निर्धारित किया है। व्यवस्थाओं के लिए दो मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। कॅालेज से कुछ दूर पर ही बस स्टॉप बनाए गए हैं। बस स्टॉप पर उतरने के बाद युवा पैदल ही जाएंगे। पुलिस बाहर से आने वाले युवाओं की मदद करेगी।
एसपी सिटी ने बताया कि सेना भर्ती के मद्देनजर पुलिस के साथ ही खुफिया टीम भी लगाई गई है। भर्ती के लिए आए युुवाओं के बीच दलाल भी सक्रिय हो सकते हैं। पिछली भर्ती के दौरान पकड़े गए दलालों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लिए गए हैं। सेना के साथ समन्वय के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। सेना भर्ती रैली में अभ्यर्थियों को सैनिटाइजर, मास्क और दस्ताने अनिवार्य रूप से रखने होंगे। अभ्यर्थियों को रैली से 48 घंटे के भीतर का कोविड मुक्त प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।