संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए संस्थान ने 98 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराई है। इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 28 फरवरी रखी गई है। संस्थान के नोटिस के अनुसार नई भर्ती 41 विभागों में की जाएगी, जिनमें डॉक्टरों के खाली चल रहे आरक्षित वर्ग के पद भरे जाएंगे।
इन 98 पदों में 88 असिस्टेंट प्रोफेसर, 8 एसोसिएट प्रोफेसर, और एक-एक एडिशनल प्रोफेसर व प्रोफेसर के पद शामिल हैं। आरक्षण के अनुसार, 58 पद अनुसूचित जाति (एससी), 39 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और 1 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में अपना विवरण भेजना होगा। संस्थान ने अधिकतम आयु सीमा भी निर्धारित की है। इसके अनुसार, 50 वर्ष से अधिक आयु वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं होगी। आयु गणना 28 फरवरी को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग को आयु में छूट दी गई है। एससी/एसटी के लिए 5 वर्ष, और ओबीसी के लिए 3 वर्ष।
सामान्य पदों के लिए साफ होगा रास्ता
विशेष बात यह है कि आरक्षित वर्ग की नियुक्तियों के साथ ही सामान्य पदों के लिए भर्ती का मार्ग भी साफ हो जाएगा। नियमानुसार बैकलॉग भर्ती के पदों का विज्ञापन अलग से जारी किया जाना चाहिए। इसी वजह से संस्थान प्रशासन ने इन 98 पदों के लिए अलग से भर्ती विज्ञापन जारी किया है।
