(www.arya-tv.com)अनुष्का शर्मा 33 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 1 मई, 1988 को अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उनके पिता कर्नल अजय कुमार शर्मा एक आर्मी ऑफिसर हैं और मां आशिमा शर्मा होम मेकर। अनुष्का का एक बड़ा भाई भी है, जिसका नाम कारनेश है। अनुष्का ने आर्मी स्कूल से अपनी स्कूलिंग की और माउंट कारमेल कॉलेज (बेंगलुरु) से ग्रैजुएशन किया।
मॉडलिंग से शुरू किया करियर
पढ़ाई पूरी करने के बाद अनुष्का मुंबई आ गईं और मॉडलिंग शुरू कर दी। साल 2007 में उन्हें मॉडलिंग में पहला ब्रेक मिला। इस समय उन्होंने लक्मे फैशन वीक के दौरान वेंडेल रोड्रिक्स के लिए मॉडलिंग की थी। साल 2008 में उन्होंने आदित्य चोपड़ा की फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से बॉलीवुड में एंट्री की, जिसमें शाहरुख खान उनके को-स्टार थे। फिल्म सुपरहिट साबित हुई और अनुष्का का करियर चल निकला। उन्होंने ‘बैंड बाजा बरात’, ‘जब तक है जान’ और ‘पीके’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया हैं। फिल्म ‘एनएच10’ के जरिए वो फिल्म प्रोड्यूसर भी बन चुकी हैं। उनकी पिछली फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी जिसका नाम जीरो था।
सुर्खियों में रही लव लाइफ
बॉलीवुड में आने के बाद अनुष्का का नाम फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ के को-स्टार रणवीर सिंह से जुड़ा, लेकिन जल्द ही दोनों अलग हो गए। इसके बाद अनुष्का इंडियन क्रिकेटर विराट कोहली को डेट करने के चलते सुर्खियों में रहीं। 2017 में दोनों ने इटली के टस्कनी में सीक्रेट मैरिज कर सबको चौंका दिया था। विराट ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सीक्रेट मैरिज की सारी प्लानिंग अनुष्का ने की थी। शादी के वेन्यू तक पहुंचने के लिए फेक आईडी का इस्तेमाल किया गया था ताकि किसी को कानों-कान शादी की खबर ना हो। यह आइडिया भी अनुष्का का ही था।
विराट को एरोगेंट समझती थीं अनुष्का
अनुष्का और विराट की पहली मुलाकात एक शैम्पू एड की शूटिंग के दौरान हुई थी। अनुष्का ने कहा कि शूट से पहले उन्हें पता चला था कि विराट एरोगेंट स्वभाव के हैं इसलिए वो भी पहली मुलाकात में उन्हें एरोगेंस दिखा रही थीं ताकि विराट को ही आभास हो जाए कि वो भी उनसे कम नहीं हैं। इसके बाद विराट जब उनसे शूट पर पहली बार मिले तो उन्होंने अनुष्का को कह दिया कि क्या आपको इससे ऊंची हील की सैंडल नहीं मिली। ये सुनकर अनुष्का को अच्छा नहीं लगा और उन्होंने विराट को कहा-एक्सक्यूज मी। विराट समझ गए कि उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था।