(www.arya-tv.com)रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के बड़े बेटे जय अनमोल 20 फरवरी को शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने अपनी मंगेतर कृशा शाह से शादी की है। दोनों की तमाम तस्वीरें इस समय इंटरनेट पर चल रही हैं।
जय अनमोल और कृशा की यह शादी अनिल अंबानी के मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल आवास पर हुई। पाली हिल को बॉलीवुड सितारों की वजह से जाना जाता है। यहां सुनील दत्त से लेकर दिलीप कुमार तक के घर हैं।
अनिल अंबानी के दो बेटे हैं
अनिल के दो बेटे हैं। जय अनमोल बड़े हैं और जय अंशुल छोटे हैं। जय अनमोल की शादी की जानकारी टीना अंबानी ने 31 दिसंबर 2021 को ही अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दी थी। कृशा के साथ अनमोल की तस्वीरें भी इसमें थीं। इसमें उन्होंने लिखा था कि आपको प्रकाश, प्यार, आशा और खुशी की शुभकामनाएं।
वीडियो भी वायरल
इस शादी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें अनमोल ब्राउन कलर की शेरवानी पहने हैं। अपने परिवार के साथ वे नाच रहे हैं। कुछ बारातियों ने इसमें काले रंग की कस्टमाइज्ड टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर नो शीप इन माय सर्कल लिखा था।
अनमोल की गर्लफ्रेंड रही हैं कृशा
अनमोल और कृशा की सगाई दिसंबर 2021 में हुई थी। इसके बाद 18 फरवरी 2022 से मेहंदी सेरेमनी के साथ उनकी प्री-वेडिंग सेरेमनी शुरू हुई। अपनी मेहंदी सेरेमनी में कृशा जहां मल्टीकलर के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं ऑफ व्हाइट कुर्ता-पायजामा में अनमोल भी काफी हैंडसम लग रहे थे।
मुंबई में पैदा हुई हैं कृशा शाह
कृशा शाह मुंबई में पैदा हुई हैं और वे सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई से की है और बाद की पढ़ाई अमेरिका और यूके से की हैं। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से सोशल साइंस और कैलिफोर्निया से राजनीतिक अर्थव्यवस्था की पढ़ाई की है। कृशा लव नॉट फियर कैंपेन की वकालत करती हैं। वे इसके जरिए मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाती हैं। कृशा अपने भाई मिशाल शाह के साथ डिस्को नाम की कंपनी चलाती हैं। वे इसकी सीईओ हैं।