कोलकाता। कोलकाता शहर और उसके बाहरी इलाकों में शुक्रवार आधी रात आए आंधी-तूफान के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विमान को शहर के हवाई अड्डे पर उतरने में दो घंटे की देरी हुई। हवाई अड्डे के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से गृह मंत्री को लेकर आ रहे विशेष विमान को रात 11 बजकर 46 मिनट पर उतरना था। हालांकि, ‘काल बैसाखी’ के प्रभाव से तेज बारिश और बिजली चमकने के कारण विमान को नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों के हवाई क्षेत्र में कुछ समय तक चक्कर लगाना पड़ा। आखिरकार विमान देर रात एक बजकर 46 मिनट पर उतरा।
शाह रात करीब दो बजे काफिले के साथ हवाई अड्डे से शहर के एक होटल के लिए रवाना हुए, जहां उनका स्वागत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने किया। एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि शाह रात 10 बजकर 46 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुए थे। एक दिन पहले ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अण्डाल से आने वाली उड़ान को भी इसी तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था।
बृहस्पतिवार को आंधी-तूफान के कारण उनका विमान करीब एक घंटे तक कोलकाता हवाईअड्डे पर उतर नहीं सका था और बाद में मौसम में सुधार होने पर ही उतर पाया। शनिवार दोपहर में शाह न्यू टाउन स्थित एक होटल में तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों का संकलन जारी कर सकते हैं।
‘अभियोगनामा’ नामक इस दस्तावेज में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 15 वर्षों के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और कुशासन के कथित मामलों का संकलन किया गया है। पिछले दो महीनों में शाह ने पश्चिम बंगाल के कई दौरे किए हैं, जिनमें संगठनात्मक बैठकों, जनसभाओं और ‘परिवर्तन यात्रा’ जैसे जनसंपर्क कार्यक्रमों का नेतृत्व शामिल हैं।
