गृहमंत्री की अपील के बाद मणिपुर में 140 हथियार सरेंडर: पांच जिलों से कर्फ्यू हटा

## National

(www.arya-tv.com)  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अपील के बाद मणिपुर में उपद्रवियों ने 140 हथियार सरेंडर किए हैं। इनमें SLR 29, कार्बाइन, AK, इंसास राइफल, इंसास LMG, M16 राइफल जैसी हाईटेक राइफल्स और ग्रेनेड भी शामिल हैं। मणिपुर पुलिस ने इसकी जानकारी दी। राज्य में 3 मई को हिंसा भड़की थी। इसके बाद पुलिस शस्त्रागार से करीब 2,000 हथियार लूटे गए थे।

महीने भर बाद भी जब राज्य में हिंसा नहीं थमी तो गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को चार दिन के दौरे पर मणिपुर पहुंचे। गुरुवार को शाह ने मणिपुर में लोगों से कहा था कि अफवाहों पर ध्यान न दें। हथियार रखने वालों को पुलिस के सामने सरेंडर करना होगा।

कल से सर्च ऑपरेशन शुरू होगा। अगर किसी के पास हथियार मिले तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके 24 घंटे बाद ही इतनी बड़ी संख्या में उपद्रवियों ने सरेंडर किया है। उधर, राज्य के 5 जिलों से कर्फ्यू हटा लिया गया है।

मणिपुर में अमित शाह का 4 दिन का दौरा
पहला दिन
29 मई को मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचते ही अमित शाह ने सबसे पहले मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मीटिंग की। बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और इंटेलिजेंस ब्यूरो के चीफ तपन डेका भी मौजूद थे।

शाह ने हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने राज्य में राशन और तेल जैसी जरूरी चीजों की सप्लाई को बेहतर करने के भी निर्देश दिए।

दूसरा दिन
अमित शाह ने मणिपुर दौरे के दूसरे दिन यानी मंगलवार को हिंसा प्रभावित जिले चुराचंदपुर का दौरा किया। इस दौरान आदिवासी नेताओं और कुकी समुदाय के बुद्धिजीवियों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं, ताकि राज्य में शांति लाने के तरीके खोजे जा सकें।

तीसरा दिन
मणिपुर दौरे के तीसरे दिन यानी बुधवार को शाह ने इंफाल में एक राहत शिविर का दौरा किया। यहां मैतेई समुदाय के लोग रह रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि मणिपुर में जल्द शांति बहाल होगी। जल्द की लोगों की घरों में वापसी सुनिश्चित की जाएगी। शाह ने कुकी समुदाय के संगठनों के साथ भी बैठक की थी। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि मणिपुर की शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है। शांति बहाली के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए जाएं।

चौथा दिन
गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अमित शाह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। शाह ने कहा कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से हिंसा की जांच कराई जाएगी। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके अलावा हिंसा से जुड़े 6 मामलों की जांच CBI करेगी। शाह ने कहा कि मणिपुर हाईकोर्ट के एक जल्दबाजी भरे फैसले की वजह से यहां हिंसा हुई है।