बारिश में 4 घंटे तक पानी में फंसी एंबुलेंस…महिला ने बच्ची को दिया जन्म: ट्रैक्टर लेकर पहुंचे पार्षद

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  यू पी में दो दिन से लगातार हो रही बारिश से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ लगातार दो घंटे से तेज बारिश हो रही है। आगरा में सड़कों का तालाब जैसा हाल है। शहर की रफ्तार थम सी गई है। बुधवार को गर्भवती को अस्पताल ले जा रही एक एंबुलेंस जलभराव में फंस गई।

करीब 4 घंटे तक एंबुलेंस फंसी रही। इस बीच आशा कार्यकर्ता ने एंबुलेंस में ही महिला की डिलीवरी कराई। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। एंबुलेंस फंसने की जानकारी होने पर क्षेत्रीय पार्षद ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और गाड़ी को बाहर निकाला। वहीं, बहराइच में तेज बारिश से दीवार गिर गई।

बारिश होने से उफान था नाला
आगरा में बुधवार सुबह साढ़े 6 बजे से झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के बीच शाहदरा नगला बिहारी निवासी विजय पाल की पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने 108 पर कॉल किया। एंबुलेंस पहुंच गई। जैसे ही एंबुलेंस गर्भवती महिला को लेकर निकली, बारिश तेज हो गई।

नगला बिहारी से मेन रोड के बीच में एक बड़ा नाला है। बारिश के चलते नाला उफान पर आ गया। चालक ने एंबुलेंस को बीच में खड़ा कर दिया और पानी कम होने का इंतजार करने लगा। इसी बीच, लगातार पानी बढ़ने लगा। सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक एंबुलेंस पानी में ही फंसी रही।

एंबुलेंस में हुई डिलीवरी
बारिश में एंबुलेंस फंसने की जानकारी स्थानीय पार्षद विजय वर्मा को हुई। वो मदद के लिए गाड़ी लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी गाड़ी एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाई। इसके बाद उन्होंने एंबुलेंस को निकालने के लिए ट्रैक्टर बुलाया। पार्षद ने बताया कि करीब 4 घंटे बाद एंबुलेंस को निकाला गया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

आशा कार्यकर्ता रीना ने बताया कि सुबह 6 बजे एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी गई थी। एंबुलेंस से अस्पताल जाते समय बारिश तेज हो गई। नाला उफान पर होने पर एंबुलेंस का ड्राइवर रोड क्रास करने से मना कर दिया और पानी कम होने का इंतजार करने लगा। इस बीच पानी तेजी से बढ़ता चला गया। करीब 8 बजे एंबुलेंस में ही डिलीवरी करानी पड़ी।

लोगों को अंतिम संस्कार में भी हो रही दिक्कत
लगातार बारिश के चलते अंतिम संस्कार और अंतिम यात्रा में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगला बुद्धा में बारिश के बीच में अर्थी के ऊपर तिरपाल लगाकर ले जाना पड़ा। वहीं, बरौली अहीर में वृद्ध का अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट में टेंट लगाना पड़ा। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई।