धारा 144 लागू होने के बाद भी प्रयागराज में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन, सपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज।(www.arya-tv.com) कैब को लेकर समाजवादी पार्टी ने आज यानी गुरुवार को कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद भी जुलूस निकाल रहे समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस की सपाइयों से धक्कामुक्की भी हुई। उन्हें बसों के माध्यम से पुलिस लाइन ले जाया गया। इसके बाद शहर के सिविल लाइंस में भी सैकड़ों की संख्‍या में प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुट गई। सुभाष चौराहे पर कैब के विरोध में चार्ट बोर्ड पर आग लगा दी गई। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को मशक्‍कत करनी पड़ी।

धारा 144 लगी होने के बावजूद प्रयागराज में कैब का गुरुवार को जबरदस्‍त विरोध हो रहा है। अभी प्रयागराज फायर ब्रिगेड के सामने चर्च के अंदर से लगभग हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने सुभाष चौराहे से बस अड्डा सिविल लाइंस तक मार्च किया। डीएम, एसएसपी का काफिला महात्मा गांधी मार्ग पर भारी फोर्स के साथ पहुंचा। उधर सिविल लाइंस में हर सड़क पर आरएएफ पहुंच गई। लोगों को हटाया गया। एसपी सिटी पुलिस बल के साथ गिरजाघर की तरफ पैदल बढ़े। वाटर कैनन के साथ आरएएफ, पीएसी व पुलिस मौजूद है। लोगों को मशक्‍कत के बाद किसी प्रकार हटाया गया। समझाने में मुस्लिम लोग भी मौजूद रहे।

उधर बालसन चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे सपाइयों से पुलिस की झड़प हो गई। इसमें सिपाही अमरेंद्र के हाथ की एक अंगुली में चोट लग गई। सिपाही को अल्का हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। वहीं बवाल की आशंका को देखते हुए वज्र और आरएएफ का वाटर कैनन जानसेनगंज में तैनात कर दिया गया है।