विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे अखिलेश यादव के दूत

Agra Zone

आगरा (www.arua-tv.com) समाजवादी पार्टी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव जहां प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं वहीं, उनके दूत भी अलग-अलग जिलों में जाकर वहां की नब्ज टटोल रहे हैं। इसी क्रम में 30 जनवरी को सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष रामकरन निर्मल आगरा आ रहे हैं।

वह पार्टी कार्यालय पर न सिर्फ पार्टी के कार्यों की समीक्षा करेंगे बल्कि कार्यकर्ताओं से संवाद कर फीडबैक भी लेंगे। महानगर कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता के अनुसार, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष शनिवार सुबह लगभग 10 बजे आएंगे। वह सीधे फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय जाएंगे। जहां वह पहले पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान वह जिले की समस्याओं के संबंध में कार्यकर्ताओं से जानकारी हासिल करेंगे। क्षेत्र में ऐसी कौन सी समस्याएं हैं, जिनका भाजपा सरकार में अब तक समाधान नहीं हो सका है। इनकी सूची तैयार की जाएगी।

इसके अलावा सपा सरकार के दौरान जिले में क्या-क्या कार्य कराए गए थे, उनकी अब क्या स्थिति है, इसकी भी जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर दिया है। पार्टी पंचायत चुनाव भी पूरी ताकत से लड़ेगी। क्षेत्रीय मुद्दों के आधार पर सपा चुनाव में उतरेगी। भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच प्रचारित किया जाएगा। सपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान वह पार्टी की नीतियों के बारे में जनता को बताएंगे।