अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बोला हमला, कही ये बात

Lucknow

(www.arya-tv.com) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यों के साथ-साथ अपनी भाषा से सभी वर्गों को अपमानित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विकास की बात नहीं करते हैं। वह सदन में भी ऐसी भाषा का प्रयोग करते हैं जो किसी भी मुख्यमंत्री की भाषा नहीं हो सकती है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश के रहने वाले नहीं हैं। वह बाहर से आए हैं लेकिन यूपी की जनता ने उन्हें स्वीकार किया है। उन्हें विकास की बात करनी चाहिए। विकास से ही उत्तर प्रदेश का भला होगा।

सपा प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न दलों के नेताओं के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सदन में झूठ बोलते हैं और जनता को धोखा दे रहे हैं। धान की लूट हो गई और मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि किसानों को एमएसपी मिल गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जो तीनों कृषि कानून बनाए हैं, वह बड़े उद्योगपति और पूजीपतियों के लिए बने हैं। इतना लूट और भ्रष्टाचार किसी सरकार में नहीं हुआ जितना भाजपा सरकार हो रहा है। ये कृषि कानून लाए ही इसलिए गए हैं कि कृषि पर कुछ उद्योग घरानों का कब्जा हो जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता को निराश किया है। किसान नौजवान से लेकर कोई भी वर्ग अगर अपनी मांगों को लेकर आता है तो उसे यह सरकार अपमानित करती है।  भाजपा सरकार के पास अपना कोई काम दिखाने के लिए नहीं है। मुख्यमंत्री समाजवादी सरकार में किए गए कार्यों को अपना बताकर विज्ञापन दे रहे हैं और प्रचार कर रहे हैं।