गाजीपुर पुलिस ने इंदिरानगर ए –ब्लॉक में स्व. मेजर के मकान को हड़पने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी दस्तावेज पर वसीयत तैयार कर मकान हड़पने वाले गिरोह के सरगना का मददगार सत्यम पांडेय है। उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चार की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सत्यम पांडेय मूल रूप से वाराणसी के लंका थाने के रामनगर का रहने वाला है। यहां सुलतानपुर रोड अर्जुनगंज में ओमेक्स अपार्टमेंट में एक फ्लैट में रहता था। सत्यम पांडेय गिरोह के सरगना बलवंत का मददगार था। चूंकि सत्यम लंबे समय से लखनऊ में रह रहा था। इस लिए उसे लखनऊ की भौगोलिक जानकारी के साथ ही यहां के कई सरकारी महकमों में भी उसकी पैठ थी। गिरोह के बलवंत यादव उर्फ बबलू निवासी चंदौली सय्यद राजा मडई नारायणपुर और मनोज यादव निवासी दाउदपुर को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया गया था।
अब चंदौली के सकलडीहा भुतौला के रहने वाले शिव जियावन, जौनपुर चंदवक के सोनू उर्फ स्वामीकांत, राजीव और खुद को मेजर विपिन चंद्र भट्ट बताकर वसीयत करने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
