आगरा।(www.arya-tv.com) डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में शिक्षक और कर्मचारियों के लिए बायोमीटिक हाजिरी अनिवार्य कर दी गई है। खंदारी परिसर में छात्रों को पहचान पत्र (आइ कार्ड) के बिना प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
विश्वविद्यालय के खंदारी और पालीवाल परिसर में आवासीय संस्थान हैं। परिसर में बाहरी लोग घूमते रहते हैं। इसे लेकर सख्ती की गई है। पीआरओ डॉ. गिरजा शंकर शर्मा ने बताया कि अब से खंदारी परिसर के प्रवेश गेट पर आइडी कार्ड चेक कियेे जा रहे हैं। आइडी कार्ड होने पर ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, शिक्षक और कर्मचारियों के लिए बायोमीटिक हाजिरी अनिवार्य कर दी गई है। बायोमीटिक हाजिरी से ही वेतन दिया जाएगा।
आइडी कार्ड चेक करने के लिए खंदारी परिसर में प्रो. बिंदूशेखर, प्रो. पीके सिंह बाहरी लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई कर रहे हैं। डॉ. शरद चंद्र उपाध्याय की देखरेख में बाहरी लोगों को चिन्हित करने का अभियान चलाया जा रहा है। पालीवाल परिसर में डॉ. अखिलेश सक्सेना, डॉ. राजीव कुशवाह, डॉ. नीलम यादव, डॉ. आरबी सिंह, डॉ. मोहम्मद अरशद, डॉ. पल्लवी आर्य, डॉ. रंजीत की टीम बनाई गई है।
एक साल पहले भी विवि में बाहरी लोगों पर रोक लगाने के लिए आइ कार्ड से प्रवेश की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसका छात्र संगठनों ने विरोध किया था, कुछ दिन बाद ही व्यवस्था समाप्त कर दी थी। बायोमीटिक हाजिरी भी एक कुछ दिन चलने के बाद बंद हो गई थी। इस व्यवस्था को लागू करना विवि के लिए चुनौती बना हुआ है।