(www.arya-tv.com) अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के बाद सत्ता हस्तांतरण प्रक्रिया से लेकर 20 जनवरी, 2021 को होने वाले नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण तक इस बार काफी कुछ बदला है, लेकिन कुछ नहीं बदला तो वह है 20 जनवरी की तारीख। प्रत्येक चार साल बाद आने वाले लीप ईयर में अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होते हैं। वैश्विक महाशक्ति अमेरिका के नए निर्वाचित राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 20 जनवरी के दिन ही होता है।
अमेरिका और दुनिया के प्रमुख टीवी न्यूज चैनल इसका सीधा प्रसारण दिखाएंगे। अमेरिका के इतिहास में 20 जनवरी, 2021 को एक नया अध्याय जुड़ जाएगा। यह दिन दुनिया के सबसे प्राचीन लोकतंत्र के इतिहास में कई परंपराओं के टूटने और बदलने का साक्षी बनेगा। आइए जानते हैं क्या है 20 जनवरी का महत्व, इतिहास और क्यों अलग है इस बार का इनॉगरेशन डे ।
अमेरिकी संविधान के 20वें संशोधन के तहत नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण के लिए 20 जनवरी की तारीख भी निर्धारित की हुई है। चुनाव होने के करीब ढाई महीने बाद निर्वाचित राष्ट्रपति शपथ लेते हैं। यह हालांकि, 1937 के पहले तक शपथ ग्रहण चार मार्च को होता था। यह ढाई माह का समय ट्रांजिशन पीरियड कहलाता है। फ्रेंकलीन डी रूजवेल्ट पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे, जिन्होंने 20 जनवरी 1937 को शपथ ली थी।
सबसे पहले इनॉगरेशन डे की बात करें तो यह शपथ ग्रहण समारोह वाशिंगटन डीसी में होता है, जो कि अमेरिका के नए राष्ट्रपति के कार्य की शुरुआत का प्रतीक है। राष्ट्रपति चुने गए जो बाइडन आधिकारिक तौर पर इनॉगरेशन डे तक व्हाइट हाउस में अपना कदम नहीं रख सकते हैं। इनोग्रेशन डे पर डेमोक्रेट नेता जो बाइडन अमेरिका के राष्ट्रपति और कमला हैरिस उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेेेंगी।