CTET 2026 के लिए जारी हुआ प्रवेश पत्र: देश के 140 शहरों में आज और कल होगी परीक्षा, ऐसे करें डाउनलोड

# ## Education

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) फरवरी 2026 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। सीबीएसई ने परीक्षा को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इस बार यह छूट दी गई है कि सीटेट के परीक्षार्थी यदि किसी बीमारी से ग्रस्त हैं और वे परीक्षा कक्ष में दवाएं, फल या सैंडविच ले जाना चाहते हैं तो इसकी अनुमति होगी।

हालांकि इन्हें परीक्षा कक्ष निरीक्षक के पास जमा कराना अनिवार्य होगा। प्रवेश पत्र के अनुसार परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को डाउनलोड किया हुआ एडमिट कार्ड, एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार, पैन, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी), नीला या काला बॉल पेन तथा 500 एमएल की पारदर्शी पानी की बोतल ले जाना अनिवार्य होगा।

वहीं परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बैग, किताबें, नोट्स, खाने-पीने की अन्य वस्तुएं और प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण रोक रहेगी। परीक्षा के दौरान अनुशासन भंग करने, बातचीत करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है और भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है।

दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों के लिए लेखक (स्क्राइब) की सुविधा, अतिरिक्त समय एवं अन्य विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिसके लिए सरकारी अस्पताल से जारी प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। बिना वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सीबीएसई ने सभी अभ्यर्थियों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

सुप्रीम कोर्ट ने भी टेट किया है अनिवार्य 

सीटेट परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है, क्योंकि कुछ दिन पूर्व सर्वोच्च न्यायालय ने सेवारत शिक्षकों के लिए टेट पास होना अनिवार्य कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने फरवरी 2026 सत्र की सीटीईटी परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

एक दिन की जगह दो दिन होगी परीक्षा

पहले यह परीक्षा 8 फरवरी को होनी थी, लेकिन देशभर से हुए रिकॉर्ड आवेदन करीब 25 लाख को देखते हुए इसे दो दिनों में आयोजित किया जा रहा है। दोनों दिन परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2.30 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।