(www.arya-tv.com) यूपी को तीसरी बार कार्यवाहक DGP मिला है। शासन ने IPS विजय कुमार को कार्यवाहक DGP बनाया है। विजय कुमार वर्तमान में DG विजिलेंस, डीजी सीबीसीआईडी के पद पर हैं। इस पद के साथ ही वह DGP का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। 1988 बैच के IPS विजय कुमार जनवरी 2024 में रिटायर होंगे। चर्चा है कि इसके बाद स्थायी DGP के नाम पर विचार होगा।
कार्यवाहक DGP आरके विश्वकर्मा का आज कार्यकाल पूरा हो रहा है। मई 2022 में DGP मुकुल गोयल को हटाया गया। इसके बाद यूपी को दो कार्यवाहक DGP मिले। DGP आवास तिलक मार्ग अभी भी खाली पड़ा है। जहां पिछले एक साल से साफ-सफाई और रंगरोगन हो रहा है, लेकिन रहने के लिए स्थायी DGP न मिलने से खाली पड़ा है।
विजय कुमार को जिम्मेदारी सौंपी जाने की वजह
यूपी में DGP की रेस में शामिल रहे टॉप-5 में दो IPS साइड लाइन हैं। जबकि तीसरे 5 महीने से प्रतीक्षारत हैं। नियमानुसार DGP रेस में सबसे ऊपर आने वाले 1987 बैच के IPS मुकुल गोयल हैं, लेकिन DGP पद से हटाए जाने के चलते यह लगभग रेस से बाहर हैं। वह 11 मई 2022 से DG नागरिक सुरक्षा के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में IPS विजय कुमार की मजबूत दावेदारी रही।
1988 बैच के IPS आनंद कुमार के नाम पर जहां पिछली बार DG बनने की मुहर लगने ही वाली थी कि अचानक उन्हें 31 मार्च 2023 को DG जेल के पद से ही हटा कर DG सहकारिता प्रकोष्ठ भेज दिया गया। दूसरे नंबर पर आनंद का नाम रहा।
IPS विजय कुमार और आनंद के नाम पर सहमति न बनती तो 1989 बैच के IPS सफी एहसान रिजवी का नाम तीसरे नंबर पर आता, लेकिन वह आजकल IB में नियुक्त हैं और अभी तक उनके वापस आने की कवायद शुरू नहीं हुई।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 1989 बैच के IPS आशीष गुप्ता दो दिसंबर 2022 से ही प्रतीक्षारत हैं। जबकि चर्चा थी कि इन्हें किसी महत्वपूर्ण पद देने के लिए वापस बुलाया गया है।
इससे साफ है कि नियमानुसार DGP की रेस में मुकुल गोयल नहीं रहे, क्योंकि उन्हें एक बार हटाया जा चुका है। सीनियरिटी के आधार पर फिर विजय कुमार रहे। इसलिए विजय कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
सरकार स्पेशल DGP की नियुक्ति पर भी विचार कर रही है। स्पेशल DGP के लिए DG प्रशांत कुमार प्रबल दावेदार हैं। प्रशांत कुमार 1990 के UP कैडर के IPS ऑफिसर हैं। वर्तमान में UP पुलिस में बतौर ADG लॉ एंड ऑर्डर पोस्टेड हैं। प्रशांत मूलरूप से बिहार से हैं। मिड दिसंबर, 2022 से यूपी के सभी पुलिस कमिश्नर IPS प्रशांत कुमार को रिपोर्ट करते हैं। यह आदेश DGP डीएस चौहान ने जारी किया था। वह CM योगी के काफी भरोसेमंद अधिकारी माने जाते हैं।
प्रशांत कुमार को वीरता के लिए 3 बार पुलिस पदक से नवाजा जा चुका है। साल 2020-2021 में इन्हें मेंगैलेंट्री अवॉर्ड मिला था। इन्हें राष्ट्रपति से वीरता का पुलिस पदक भी मिल चुका है। वेस्ट यूपी में बदमाशों को काबू करने के लिए सरकार ने प्रशांत कुमार को ADG बनाया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत कुमार अब तक 300 से ज्यादा एनकाउंटर कर चुके है।
DG विशेष जांच समेत तीन IPS भी होंगे रिटायर
DG विशेष जांच चंद्र प्रकाश भी बुधवार को रिटायर हो रहे हैं। आईजी EOW राम लाल वर्मा और SP विजिलेंस मानिक चंद्र सरोज का भी कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके साथ ही 1990 बैच के IPS सतीश कुमार माथुर और सुभाष चंद्रा DG बनेंगे।