थाना न्यू आगरा पर महिलाओं का प्रदर्शन:​​​​​​​एनजीओ पर लगाया लाखों रुपए ठगी करने का आरोप

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  दयालबाग क्षेत्र की महिलाओं ने एनजीओ पर ठगी का आरोप लगाते हुए थाना न्यू आगरा पर प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा एनजीओ के खिलाफ मुकदमा न लिखने पर महिलाओं ने नारेबाजी की। महिलाएं गुरुवार को कमिश्नर के यहां शिकायत दर्ज कराएंगी।दयालबाग की महिलाएं जुलूस के रूप में आज यानी बुधवार को थाना न्यू आगरा पहुंची। सैकड़ों महिलाओं ने एनजीओ स्माइल फैमिली फाउंडेशन पर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया और पुलिस उसके खिलाफ मुकदमा लिखने की मांग की। पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा तो गुस्साई महिलाएं नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं ने रालोद नेता सौरभ चौधरी के नेतृत्व में थाने का घेराव कर लिया। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि दयालबाग क्षेत्र में स्माइल फैमिली फाउंडेशन नामक एनजीओ ने उनके साथ ठगी की है। 500-500 रुपए लेकर क्षेत्र की हजारों महिलाओं से फार्म भरवाए गए। फार्म महिलाओं से यह कहकर भरवाया गया कि इसके बाद 3 हजार रुपए का राशन फ्री मिलेगा और साथ में बत्ती बनाने का काम मिलेगा। अब कार्यालय बंद कर एनजीओ के लोग गायब हो गए हैं।

कमिश्नर के यहां शिकायत करेंगी पीड़ित महिलाएं
रालोद नेता सौरभ चौधरी का कहना है कि एनजीओ ने फ्रॉड किया है। उनके क्षेत्र की हजारों महिलाओं से ठगी की गई है। फार्म भरते समय महिलाओं को बताया कि उनके द्वारा दिए जा रहे 500 रुपए सरकार के पास जाएंगे। एनजीओ स्माइल फैमिली फाउंडेशन का कार्यालय दयाल बाग रोड लक्ष्मी मैरिज होम के पास खोला गया था। अब ऑफिस बंद करके कर्मचारी भाग गए हैं। पुलिस ने महिलाओं की तहरीर नहीं ली है। घंटो तक महिलाओं को बैठाए रखा गया और कोई सुनवाई नहीं की। अब महिलाएं कल कमिश्नर से मिलकर एनजीओ के खिलाफ मुकदमा लिखाया जाएगा।