गोरखपुर (www.arya-tv.com) सोमवार सुबह नौ बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आज कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह हवाएं उत्तर पूरब से दक्षिण पूरब की तरफ चलेंगी।
उसके बाद दक्षिण पश्चिम से उत्तर पश्चिम की तरफ चलने का पूर्वानुमान है। इनकी गति 4 से 13 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ ने यह भी कहा है कि अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। इधर कुछ दिनों से दिन में चटख धूप के चलते लोगों को गलन से राहत मिली हुई थी। लेकिन सोमवार को मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 7 जनवरी तक ऐसी स्थिति रह सकती है। रविवार को तापमान में कुछ उछाल आया था। बावजूद उसके बावजूद न्यूनतम तापमान जनवरी माह के औसत तापमान से कम रहा। जनवरी माह का औसत अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस है।
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 84 व न्यूनतम 64 फीसद रही। हवाएं दक्षिण पूरब की तरफ चलीं। इनकी अधिकतम गति 6 किलोमीटर प्रति घंटे रही।
रविवार सुबह 11 बजे वायु शुद्धता सूचकांक 165 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि 100 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर का वायु शुद्धता सूचकांक तक की हवा फेफड़ों के लिए शुद्ध मानी जाती है। पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से ठंड कम होती नहीं दिख रही है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन रात होते ही गलन बढ़ जा रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। माह पूस का है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सबसे सर्द रातें पूस की होती हैं। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। रात में गलन बढ़ रही है, लेकिन दिन निकलते ही हर तरफ सूरज का दबदबा देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों में रविवार का अधिकतम तापमान सर्वाधिक रहा। 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह जनवरी माह के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के बावजूद यह जनवरी माह के औसत तापमान से नीचे हैं। बता दें जनवरी माह का औसत अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम 8.9 डिग्री सेल्सियस है।
