आरोग्य सेतु ऐप से जुड़ा कोविन, जल्द मिलेगा वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन का विकल्प

Health /Sanitation

(www.arya-tv.com)केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने पिछले हफ्ते संसद में बताया कि मार्च में 50 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों को कोरोना के खिलाफ वैक्सीन लगने लगेगी। रजिस्ट्रेशन भी जल्द ही शुरू होगा। इसके लिए आरोग्य सेतु ऐप में कोविन डैशबोर्ड को जोड़ दिया गया है। इस पर फिलहाल देशभर में चल रहे वैक्सीनेशन की जानकारी के साथ ही वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड करने की व्यवस्था दी गई है।

भारत सरकार ने वैक्सीनेशन के लिए प्रायोरिटी ग्रुप में 30 करोड़ लोगों को आइडेंटिफाई किया है। पहले फेज में एक करोड़ हेल्थकेयर वर्कर्स का वैक्सीनेशन 16 जनवरी को शुरू हुआ। दूसरे फेज में 2 फरवरी से 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीनेट किया जा रहा है। तीसरे फेज में 27 करोड़ ऐसे लोगों को वैक्सीनेट किया जाना है, जिनकी उम्र 50 वर्ष से ज्यादा है या जिन्हें कोरोना का खतरा अधिक है। फिलहाल सरकार ने यह नहीं बताया है कि वैक्सीन के लिए आम लोगों का रजिस्ट्रेशन कैसे होगा।

कैसे होगा वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन?

  • अब तक हेल्थकेयर वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को ही वैक्सीन लग रही है। वैक्सीन किसे और कब लगनी है, इसके लिए सरकार ने एक कोविन प्लेटफॉर्म बनाया है। हेल्थकेयर वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन सरकार ने ही किया है।
  • बाकी लोगों को फिलहाल सेल्फ रजिस्ट्रेशन का विकल्प नहीं है। आम लोगों के रजिस्ट्रेशन के लिए कोविन ऐप लॉन्च करने की बात कही गई है। पर अब तक न तो इसकी कोई तारीख बताई है और न ही यह बताया है कि रजिस्ट्रेशन कैसे होगा।
  • इस बीच, पिछले हफ्ते सरकार ने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के दौरान पिछले साल लॉन्च किए गए आरोग्य सेतु ऐप से कोविन प्लेटफॉर्म को जोड़ा गया है। फिलहाल इस पर जानकारी सीमित है, जल्द ही इस पर रजिस्ट्रेशन का विकल्प भी मिल सकता है। ताकि अलग से ऐप डाउनलोड करने की जरूरत न पड़े।
  • इस बीच, केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि 25 फरवरी से पहले सभी हेल्थकेयर वर्कर्स को कम से कम एक डोज मिल जाना चाहिए। इसी तरह सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स को 1 मार्च से पहले कम से कम एक डोज देने का टारगेट है। इसके बाद 50 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों को वैक्सीनेट करने की प्रक्रिया को तेजी दी जाएगी।

आरोग्य सेतु पर कोविन को कैसे जोड़ा है?

  • इस समय आरोग्य सेतु ऐप पर कोविन डैशबोर्ड को जोड़ा गया है। आरोग्य सेतु ऐप के ट्विटर हैंडल से बताया गया कि अगर आपको कोविड-19 वैक्सीनेशन से जुड़ी जानकारी चाहिए। कोविन डिटेल्स आरोग्य सेतु पर लाइव हैं। वैक्सीनेशन से जुड़ी जानकारी के लिए कोविन डैशबोर्ड देखें और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड करें।
  • इस समय ऐप पर तीन ऑप्शन उपलब्ध हैं- वैक्सीनेशन इंफर्मेशन, वैक्सीन सर्टिफिकेट और वैक्सीनेशन डैशबोर्ड। वैक्सीनेशन इंफर्मेशन में तीन वीडियो है, जिसमें यूजर्स के बार-बार सामने आए प्रश्नों का जवाब एम्स-दिल्ली के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने दिए हैं। इसके साथ ही 13 पेज की PDF फाइल की लिंक भी है, जिस पर FAQs हैं।
  • दूसरे विकल्प में वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट का लिंक है। यह उन लोगों के लिए हैं जिन्हें कम से कम एक डोज मिल चुका है। वे 14 अंकों वाला बेनेफिशियरी रेफरेंस आईडी दर्ज कर सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करना होगा।
  • तीसरा विकल्प वैक्सीनेशन डैशबोर्ड है, जिसमें यह बताया गया है कि अब तक कितने लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। यहां सभी राज्यों में लाइव सेशंस की जानकारी भी है, जिससे पता चलता है कि अब तक किस राज्य और जिले में कितने लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है।