पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई धमाकों के साथ पूरा क्षेत्र दहला

Kanpur Zone UP

श्रमिकों मैं मची भगदड़,शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

कानपुर।(www.arya-tv.com)  बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंधना पचोर रोड पर सोमवार की सुबह एक पेंट फैक्ट्री में आग लग गई। पेंट में केमिकल होने के होने के कारण कई धमाकों के साथ पूरा क्षेत्र दहल गया। धुंआ का गुबार कई सौ मीटर की दूर से देखा गया। सूचना पर दमकल की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में किसी मजदूर के न फंसे होने की बात अभी तक सामने नहीं आई है।

कमल ग्रामोद्योग के नाम से पचोर रोड पर पेंट फैक्ट्री चलाई जा रही है। फैक्ट्री मालिक कमल धीर को घटना के बारे में जानकारी दी गई। मजदूरों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे वह लोग काम करने पहुंचे थे। सुबह के समय पांच मजदूर आए थे। जैसे ही उन्होंने फैक्ट्री का गेट खोला तो अंदर आग धधक रही थी।

मजदूर बाहर की तरफ शोर मचाते हुए भागे और उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने पुलिस के अलावा फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। इसी दौरान एक-एक कर कई धमाके हुए। ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर सड़क की तरफ भाग निकले।

धमाके इतने जोरदार थे की ड्रम के टुकड़े उड़कर 100 मीटर से अधिक दूरी तक गिरे। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि फैक्ट्री के अंदर कितने लोग फंसे हैं। आसपास स्थित फैक्ट्रियों में छुट्टी कर दी गई है और श्रमिकों को जाने से रोक दिया गया है।

दमकल जवानों ने फैक्ट्री को आसपास घेरकर पानी की बौछारें डालकर आग बुझानी शुरू कर दी है। आग की लपटें तेज होने के कारण अंदर जाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा है। फैक्ट्री में पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील केमिकल की वजह से आग भड़कती जा रही है। वहीं समाचार लिखे जाने तक दमकल की गाड़ियां ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा है। अधिकारियों के मुताबिक शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।