- आर्यकुल समूह के महाविद्यालयों में खेल दिवस का भव्य आयोजन
लखनऊ। आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, लखनऊ में आज खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें क्रिकेट, बैडमिंटन, कैरम आदि खेल शामिल रहे।
इस अवसर पर बी.फार्मा, डी.फार्मा, बीबीए, एमबीए, बी.कॉम, एम.कॉम, बीजेएमसी तथा एमजेएमसी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल ऊर्जा को जीवन में गति प्रदान करने हेतु आत्मसात किया। विद्यालय के निदेशक डॉ. सशक्त सिंह ने कहा कि यह दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। विद्यार्थी जीवन में खेलों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेलों से शरीर स्वस्थ और निरोग रहता है तथा मानसिक ताजगी भी बनी रहती है। यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, समय प्रबंधन और परिश्रम जैसे गुणों को विकसित करने का माध्यम भी हैं। खेलों से विद्यार्थियों में टीम भावना, सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो उनके भविष्य के जीवन में सफलता की आधारशिला बनती है। नियमित खेलकूद से आत्मविश्वास बढ़ता है और प्रतिस्पर्धात्मक भावना जागृत होती है ।
कार्यक्रम में फार्मेसी विभागाध्यक्ष प्रो. बी.के. सिंह, मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. अब्दुल रब खान तथा शिक्षा विभागाध्यक्ष श्री प्रणव पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शिक्षकों में डॉ. गौरव मिश्र, प्रो. एस.सी. तिवारी, श्रीमती प्रियंका प्रियंका केसरवाणी, मोहिनी सिंह आदि ने भी प्रतिभाग किया।