ब्राह्मण समाज को जोड़ने का सेतु : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • ब्राह्मण समाज को जोड़ने का सेतु : डॉ. दिनेश शर्मा

लखनऊ/कानपुर। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण सत्य, संयम और ज्ञान का प्रतीक है और समाज को जोड़ने का सेतु बनता है। उसका कर्तव्य शिक्षा का प्रसार और नैतिक नेतृत्व देना है। वह विभाजन नहीं, समाधान देता है और हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ा रहता है।

इस्कॉन मंदिर, कानपुर में ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित गुरु संदीपनी सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि विचारों का ऐसा दीप जलाना चाहिए जो विवेक और नैतिकता पर आधारित हो। अंध समर्थन और अंध विरोध से बचते हुए सही-गलत की पहचान जरूरी है। युवा को जागरूक और चरित्रवान बनाने से ही राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित होगा।

डॉ. शर्मा ने उत्तरायण और खिचड़ी पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु संदीपन के आश्रम में शास्त्र, शस्त्र, संस्कार और राजनीति का ज्ञान दिया जाता था। आज उस परंपरा को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण न डरता है न डराता है, बल्कि जन्म से मृत्यु तक दूसरों के कल्याण की बात करता है। उन्होंने कहा कि विद्या का प्रथम गुण विनम्रता है। पूजा-पाठ तभी सफल होता है जब समाज में सद्भाव और नैतिकता हो। ब्राह्मण की शक्ति विवेक, संतुलन, मार्गदर्शन और सत्यवचन से आती है, वह सत्ता से नहीं, सत्य से जुड़कर चलता है।

कार्यक्रम के संयोजक ज्योतिषाचार्य के. ए. दुबे पद्मेश ने कानपुर में गुरु संदीपनी भवन (ब्राह्मण भवन) के निर्माण की घोषणा की। सांसद रमेश अवस्थी ने सभी जातियों के हित में कार्य करने और भवन निर्माण में जनता के सहयोग की बात कही।

इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश अवस्थी, ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. विश्वपति त्रिवेदी, राष्ट्रीय महासचिव पंडित उत्तम प्रकाश तिवारी, कार्यक्रम अध्यक्ष एस. के. पालीवाल, प्रवीन मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमशंकर मिश्रा, उपाध्यक्ष राकेश तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय मिश्रा, मीडिया प्रभारी आर्यश मिश्रा, प्रचार सचिव सतीश शर्मा, राकेश ओझा, संयुक्त सचिव हरि त्रिपाठी, प्रेम त्रिपाठी, सचिव डॉ. किरण पांडे, आलोक मिश्रा, शिवांग मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे