दिल्ली में छठ पूजा पर प्रतिबंध, घाटों से पुलिस लौटा रही श्रद्धालु को

National

(www.arya-tv.com) दिल्ली में यमुना घाटों पर छठ पर्व मनाने पर प्रतिबंध के बीच बुधवार को कालिंदी कुंज के निकट नदी के घाट पर लगी भीड़ को दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने तितर-बितर कर दिया। इस बीच भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा बैरिकेडिंग तोड़ते हुए घाट पर छठ पूजा करने पहुंच गए हैं। उनके साथ समर्थकों की भीड़ है।

दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना घाट से पहले बैरिकेडिंग लगा दी गई है, जिससे व्रती छठ पूजा करने के लिए घाट तक ना पहुंच सकें। कोरोना महामारी को देखते हुए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने यमुना घाटों पर छठ पूजा करने पर रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु दिल्ली के आईटीओ यमुना घाट पर पहुंच गए हैं। एक श्रद्धालु ने कहा, हमें नहीं पता कि हमें यहां घाट पर प्रवेश की अनुमति मिलेगी की नहीं। हम यहां हर साल पूजा करते हैं इसीलिए आज पूजा करने आए हैं।

कालिंदी कुंज की छठ पूजा समिति के अध्यक्ष विकास राय ने कहा कि यमुना घाटों पर छठ की पूजा करने की अनुमति नहीं है। इस बीच जब यहां कुछ श्रद्धालु यहां आए तो पुलिस ने उन्हें जाने के लिए कह दिया।

यमुना घाट पर बेरिकेड तोड़कर छठ मनाने पहुंचे प्रवेश साहिब सिंह
दिल्ली में छठ की तैयारियों के दिल्ली सरकार के दावों के बीच ऐसी स्थिति होने के बाद प्रदेश में विपक्षी पार्टी भाजपा आप सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच बुधवार को पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह बैरिकेड तोड़कर आईटीओ यमुना घाट पर छठ मनाने पहुंच गए। यहां उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ थी।