(www.arya-tv.com)कांग्रेस महासचिव और UP प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार को सुबह ललितपुर पहुंचीं। कुछ देर सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरने के बाद प्रियंका गांधी ने पाली गांव में खाद के लिए जान गंवाने वाले किसान बबलू पाल के परिवार से मुलाकात की। यहां तीन अन्य किसानों के परिवार भी थे, जिन्होंने खाद के लिए अपनी जान गंवाई थी। प्रियंका ने यहां एक कमरे में बैठकर पीड़ित परिजनों का उनका दर्द जाना।
अपनी पीड़ा बताते हुए मृतक भोगीराम पाल की बेटी सविता बेहोश हो गई तो प्रियंका ने उसे अपने हाथों से गिलास से पानी पिलाया। सविता ने बताया कि उसके परिवार पर 4 लाख का कर्ज है। इसके बाद प्रियंका से सभी किसान परिवारों ने आर्थिक संकट की बात कही तो उन्होंने ने सभी को 5-5 लाख की आर्थिक मदद देने के लिए भरोसा दिया। कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्ज चुकाएगी। पांच लाख की मदद करेगी। बच्चों की पढ़ाई की जिम्मा भी कांग्रेस लेगी। इससे पहले लखीमपुर हिंसा में पीड़ित 4 किसानों के परिवारों को छत्तीसगढ़ और पंजाब सरकार ने 50-50 लाख की मदद दी थी।